संदीप कुमार की रिपोर्ट
केतार (गढ़वा).बीजडीह अनुसूचित जाति टोला से गम्हरिया, सोनबरसा होते हुए बीमोड़-कांडी मुख्य सड़क तक जाने वाली सड़क की स्थिति इन दिनों बेहद खराब हो गयी है. करीब तीन वर्ष पहले मरम्मत करायी गयी यह सड़क अब जगह-जगह टूटकर गहरे गड्ढों में बदल गयी है. बारिश के बाद सड़क पर जलजमाव और कीचड़ से ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ गयी है.
दुर्घटना का खतरा
बीजडीह, चांदडीह, गम्हरिया और सोनबरसा गांव के हजारों लोग प्रतिदिन इसी सड़क से आवागमन करते हैं. कई जगहों पर पानी जमा रहने के कारण गड्ढे दिखाई नहीं देते हैं. इससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है. कीचड़ के कारण बाइक सवार अक्सर फिसलकर गिर रहे हैं. वहीं ऑटो और यात्री वाहनों को भी गड्ढों और कीचड़ के बीच से गुजरने में काफी परेशानी हो रही है.
ये भी पढ़ें: गढ़वा : बिना सूचना कांडी पहुंचीं DDC प्रेमलता मुर्मू, राणाडीह में 15वें वित्त की योजनाओं का किया निरीक्षण
रोजाना सैकड़ों वाहनों का होता है आवागमन
ग्रामीणों के अनुसार इस सड़क पर प्रतिदिन सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन चलते हैं. इसी रास्ते से बच्चे स्कूल जाते हैं और ग्रामीण प्रखंड मुख्यालय, बाजार सहित अन्य जरूरी कामों के लिए आवागमन करते हैं. सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों को अतिरिक्त समय और जोखिम उठाकर यात्रा करनी पड़ रही है.
ये भी पढ़ें: गढ़वा : आधी रात को तेज रफ्तार का कहर, ट्रैक्टर-स्कॉर्पियो में जोरदार टक्कर, दोनों के उड़े परखच्चे, बाल-बाल बची जान
तीन साल में सड़क की हालत पर उठे सवाल
ग्रामीणों का कहना है कि मरम्मत के महज तीन वर्ष के भीतर सड़क की हालत इतनी खराब हो जाना निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करता है. ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़क की तत्काल जांच कराने, जरूरी मरम्मत कराने और जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है.
