मंडल डैम के विस्थापितों के पुनर्वास कार्यों में आएगी तेजी, रंका-रमकंडा में मूलभूत सुविधाओं की डीपीआर की समीक्षा

गढ़वा जिला प्रशासन मंडल डैम के विस्थापितों के पुनर्वास के लिए सक्रिय हो गया है। उपायुक्त ने रंका और रमकंडा अंचल में प्रस्तावित पुनर्वास स्थलों पर मूलभूत सुविधाओं के विकास से जुड़े डीपीआर की बिंदुवार समीक्षा की।

गढ़वा : शहीद नीलांबर-पीतांबर उत्तर कोयल परियोजना (मंडल डैम) के विस्थापितों के पुनर्वास कार्यों को गति देने के लिए जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है. शनिवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा की अध्यक्षता में समीक्षात्मक बैठक हुई. बैठक में रंका अंचल के विश्रामपुर और रमकंडा अंचल के बलीगढ़ में प्रस्तावित पुनर्वास स्थलों पर मूलभूत सुविधाओं के विकास से जुड़े प्रस्तावों और विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) की बिंदुवार समीक्षा की गयी.

बैठक के दौरान लघु सिंचाई, विद्युत आपूर्ति, भवन निर्माण, ग्रामीण कार्य, पेयजल एवं स्वच्छता, शिक्षा, पंचायती राज, कल्याण और समाज कल्याण विभाग द्वारा तैयार प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा हुई. इसमें सिंचाई, बिजली, स्वास्थ्य उपकेंद्र, सड़क, पेयजल आपूर्ति, स्कूल, आंगनबाड़ी, पंचायत भवन, हाट-बाजार, श्मशान घाट, सरना-मसना और पूजा स्थलों की घेराबंदी से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की गयी.

उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने प्रस्तावों और डीपीआर का सूक्ष्मता से पुन: परीक्षण करें. आवश्यक संशोधन के बाद इन्हें यथाशीघ्र विभागीय स्तर पर भेजने का निर्देश दिया.

उपायुक्त ने कहा कि विस्थापित परिवारों को पुनर्वास स्थलों पर सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए, ताकि धरातल पर विकास कार्य शीघ्र शुरू हो सके.

बैठक में पीटीआर नॉर्थ प्रजेश जेना, दक्षिणी वन प्रमंडल पदाधिकारी इ.बी. अब्राहम, अपर समाहर्ता विकास कुमार राय, डीएसपी मुख्यालय यशोधरा, रंका एसडीओ मोहम्मद प्रवेज, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, रंका और रमकंडा के बीडीओ व सीओ समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By शुभम राय

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >