शहरी क्षेत्र में अब ज्यादा देर तक नहीं रुकेंगे यात्री वाहन

नगर क्षेत्र में सुगम आवागमन को लेकर डीटीओ ने की बैठक

नगर क्षेत्र में सुगम आवागमन को लेकर डीटीओ ने की बैठक गढ़वा. नगर परिषद गढ़वा क्षेत्र में भारी मालवाहक वाहनों एवं यात्री बसों के सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित परिचालन को लेकर शुक्रवार को गढ़वा समाहरणालय के सभागार में जिला परिवहन पदाधिकारी ने बैठक की. बैठक में यातायात प्रबंधन से जुड़ी प्रमुख समस्याओं और उनके समाधान पर चर्चा की गयी. बैठक में डीटीओ ने कहा कि नगर क्षेत्र में दिन ब दिन बढ़ रही भीड़ और यातायात जाम की समस्या को गंभीरता से लेने की जरूरत है. इसलिए अब किसी भी यात्री बस को शहर के चौक-चौराहों पर अधिक समय तक खड़ा करने की अनुमति नहीं दी जायेगी. बैठक में नगर क्षेत्र में भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश को लेकर निर्णय लिया गया कि सुबह सात बजे से रात्रि के नौ बजे तक ऐसे वाहनों का प्रवेश पूर्णतः वर्जित रहेगा. इस अवधि में बाजार समिति सहित अन्य औद्योगिक संस्थानों में आवाजाही के लिए भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करना अनिवार्य होगा. इसके अलावे श्रम अधीक्षक संजय आनंद ने मोटर परिवहन कर्मचारी अधिनियम, 1961 की जानकारी दी. बैठक में ट्रांसपोर्ट यूनियन, बाजार समिति एवं व्यवसायिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी अपनी-अपनी समस्यायें व सुझाव साझा किये. सभी पक्षों ने एकजुट होकर प्रशासन से समन्वय स्थापित करते हुए शहर के परिवहन व्यवस्था को बेहतर और व्यवस्थित बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Akarsh Aniket

Akarsh Aniket is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >