गढ़वा: राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शुक्रवार को फुटबॉल स्टेडियम में डेढ़ माह से चल रही प्रथम गढ़वा जिला अंतर स्कूल फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मैच एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ डीडीसी प्रेमलता मुर्मू, एसपी आशुतोष शेखर, अपर समाहर्ता विकास कुमार राय, डीएफओ एबिन बेनी अब्राहम, जिला खेल पदाधिकारी दिलीप कुमार, प्रतियोगिता अध्यक्ष अलखनाथ पांडेय एवं सचिव मदन प्रसाद केशरी ने मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया.
डीडीसी प्रेमलता मुर्मू ने कहा कि हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है. डेढ़ माह से चल रही प्रतियोगिता का समापन खिलाड़ियों के लिए गौरव का क्षण है. जिला प्रशासन जिले में खेल को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव सहयोग करने को तैयार है. उन्होंने कहा कि जीत और हार को समान रूप से स्वीकार करना सीखने वाला खिलाड़ी जीवन में बेहतर इंसान बनता है.
एसपी आशुतोष शेखर ने कहा कि प्रतियोगिता से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच मिला है. अपर समाहर्ता विकास कुमार राय ने कहा कि जिला खेल पदाधिकारी के प्रयास से फुटबॉल को बढ़ावा देने की दिशा में सराहनीय पहल हुई है. डीएफओ एबिन बेनी अब्राहम ने खिलाड़ियों से खेल को निरंतर जारी रखने की अपील की.
प्रतियोगिता अध्यक्ष अलखनाथ पांडेय ने कहा कि जिला प्रशासन एवं जिला पब्लिक स्कूल समन्वय समिति के सहयोग से पहली बार स्कूल स्तर पर इतने बड़े आयोजन से जिले में फुटबॉल का माहौल बना है. सचिव मदन प्रसाद केशरी ने बताया कि प्रतियोगिता में सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालयों की 80 टीमों के करीब 1500 खिलाड़ियों ने भाग लिया.
जिला खेल पदाधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि सितंबर में फुटबॉल कोचिंग के लिए खिलाड़ियों का चयन शिविर आयोजित किया जायेगा.
समारोह में पूर्व फुटबॉल खिलाड़ी विनोद जायसवाल, रंजीत सिंह, ओमप्रकाश, आनंद कुमार सिन्हा, कमलेश कुमार दुबे, प्रिंस सोनी, अभिषेक द्विवेदी, सोनी कुमारी, जिनाहुद्दीन खान, धर्मराज भारती, आनंद यादव, मनोज तिवारी, मोजीबुद्दीन खान, आशीष कुमार समेत विभिन्न विद्यालयों के कोच, मैनेजर एवं खेलप्रेमी मौजूद थे.
बॉक्स : कस्तूरबा विद्यालय, इंद्रदेव पब्लिक स्कूल और बीपी डीएवी बने चैंपियन
गढ़वा: पेफी, जिला प्रशासन एवं जिला पब्लिक स्कूल समन्वय समिति के तत्वावधान में आयोजित प्रथम गढ़वा जिला अंतर स्कूल फुटबॉल चैंपियनशिप में कस्तूरबा विद्यालय गढ़वा, इंद्रदेव पब्लिक स्कूल रंका और बीपी डीएवी ने अपने-अपने वर्ग में चैंपियन का खिताब जीता.
अंडर-12 बालक वर्ग में इंद्रदेव पब्लिक स्कूल रंका ने एनटीसीए पब्लिक स्कूल को 1-0 से हराया. अंडर-15 बालक वर्ग में इंद्रदेव पब्लिक स्कूल रंका ने आरके पब्लिक स्कूल गढ़वा को 3-2 से पराजित किया.
अंडर-15 एवं अंडर-17 बालिका वर्ग में कस्तूरबा विद्यालय गढ़वा ने कस्तूरबा विद्यालय भंडरिया को हराकर दोनों खिताब अपने नाम किये. वहीं अंडर-17 बालक वर्ग में बीपी डीएवी ने हाई स्कूल तसरार को 2-0 से हराकर चैंपियन का खिताब हासिल किया.
प्रतियोगिता के संचालन में कमलेश कुमार दुबे, अभिषेक द्विवेदी, सोनी कुमारी, जिनाहुद्दीन खान एवं धर्मराज भारती की भूमिका रही. रेफरी की भूमिका संजय प्रताप देव, शशिरंजन, शशि कुमार, सुशील कुमार, विजय सिंह एवं सोनू सिंह ने निभायी. कमेंटेटर मनोज तिवारी रहे. मौके पर बड़ी संख्या में खिलाड़ी, अभिभावक एवं फुटबॉल प्रेमी मौजूद थे.
