श्री वंशीधर नगर से गौरव पांडेय की रिपोर्ट
Garhwa News: झारखंड के गढ़वा जिले के नगर उंटारी थाना क्षेत्र में पहचान छिपाकर प्रेम संबंध बनाने और शादी का झांसा देकर प्रताड़ित करने का एक मामला सामने आया है. रांची जिले के बेड़ो थाना के केशा गांव की एक युवती ने नगर उंटारी महिला थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है.
हैदराबाद में हुई थी मुलाकात
युवती का आरोप है कि युवक ने अपना नाम बदलकर उसे धोखे में रखा और अब उस पर अनैतिक दबाव बनाया जा रहा है.पीड़िता के अनुसार, करीब छह महीने पहले जब वह हैदराबाद में काम कर रही थी, तब उसकी मुलाकात कुष्डदंड गांव निवासी इनायत अंसारी से हुई थी. आरोप है कि इनायत ने खुद को ‘सोनू’ नाम का हिंदू और अविवाहित युवक बताकर उसे प्रेम जाल में फंसाया. जनवरी 2026 में शादी का झांसा देकर वह युवती को अपने गांव ले आया.
घर पहुंचने पर सामने आई सच्चाई
युवती ने बताया कि युवक के घर पहुंचने पर उसे सच्चाई पता चली कि सोनू असल में इनायत अंसारी है, जो पहले से शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता भी है.पीड़िता का आरोप है कि सच्चाई सामने आने के बाद उस पर खान-पान बदलने का दबाव बनाया गया और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई.
परिजनों पर प्रताड़ना का आरोप
आवेदन में इनायत के साथ-साथ उसके पिता जहरूदीन अंसारी, माँ मैरून बीबी और अन्य परिजनों पर भी प्रताड़ना के आरोप लगाए गए हैं. चर्चा है कि इस मामले में पूर्व में भी पुलिस के पास शिकायत पहुंची थी, तब दोनों पक्षों के बीच समझौता कराकर युवती को वापस भेज दिया गया था. लेकिन हालात नहीं सुधरे और प्रताड़ना का दौर जारी रहा, जिसके बाद पीड़िता ने फिर पुलिस की शरण ली है.
पुलिस जांच में जुटी
महिला थाना प्रभारी रुक्मिणी कुमारी ने कहा कि युवती का आवेदन मिला है. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: ममता की प्रतिमूर्ति बीजो देवी: गुमला में 52 अनाथ बच्चों के लिए बनीं ‘यशोदा मां’, माड़ पिलाकर पाला-पोसा
यह भी पढ़ें: गुमला में अपहरणकर्ताओं को चकमा दिया 5वीं का छात्र, मासूम ने अपराधियों के मंसूबों पर फेरा पानी
