झामुमो जिलाध्यक्ष शंभूराम ने कहा- कानून सबके लिए बराबर, पार्टी की छवि प्रभावित हुई तो पद से इस्तीफा दे दूंगा
गढ़वा: झामुमो जिलाध्यक्ष शंभूराम की बेटी की पति की हत्या के मामले में कथित संलिप्तता सामने आने और पुलिस द्वारा उसे उसके प्रेमी के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजे जाने के बाद जिलाध्यक्ष का बयान सामने आया है. शंभूराम ने कहा कि जो गलत करता है, उसे सजा मिलनी चाहिए. कानून सबके लिए बराबर है. दोषी चाहे कोई भी हो, उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए.
शंभूराम ने कहा कि पुलिस जांच के दौरान दोषी लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिसमें उनकी बेटी की संलिप्तता भी सामने आयी है. उन्होंने कहा कि उन्होंने स्वयं खड़े होकर दोषियों को जेल भिजवाने का काम किया है. इस मामले में वह किसी तरह का पक्षपात नहीं करेंगे और न ही पुलिस पर किसी तरह का दबाव बनायेंगे.
पार्टी की छवि प्रभावित हुई, तो पद छोड़ दूंगा
झामुमो जिलाध्यक्ष ने कहा कि यदि इस मामले की वजह से पार्टी की छवि प्रभावित होती है, तो वह जिलाध्यक्ष पद से इस्तीफा देने में भी पीछे नहीं हटेंगे. उन्होंने कहा कि पार्टी की प्रतिष्ठा और कानून से बढ़कर कोई व्यक्ति नहीं है. गलत काम करने वाले को उसके किये की सजा मिलनी चाहिए, चाहे वह अपना ही क्यों न हो.
बेटी की गिरफ्तारी के बाद आया बयान
गौरतलब है कि गढ़वा पुलिस ने पति की हत्या के मामले में झामुमो जिलाध्यक्ष की बेटी और उसके प्रेमी समेत अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है. पुलिस की जांच में हत्या की घटना में बेटी की कथित संलिप्तता सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गयी. बेटी की गिरफ्तारी के बाद जिलाध्यक्ष शंभूराम ने कानून के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताते हुए दोषियों को सजा मिलने की बात कही है.
