उपायुक्त ने खरौंधी के सरकारी कार्यालयों व विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण प्रतिनिधि, गढ़वा /खरौंधी उपायुक्त दिनेश यादव ने बुधवार को खरौंधी प्रखंड का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ी लापरवाही सामने आयी, जहां प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल पदाधिकारी अपने कार्यालय से अनुपस्थित मिले. अधिकारियों की इस गैर-जिम्मेदाराना कार्यशैली पर उपायुक्त ने कड़ी नाराजगी जताते हुए उन्हें फटकार लगायी और तत्काल लिखित स्पष्टीकरण मांगा. निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने उपस्थिति रजिस्टर, फाइलों के संधारण और योजनाओं की प्रगति की जांच की. उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों को समय पर कार्यालय आने और रिकॉर्ड को अद्यतन रखने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्यों में शिथिलता और लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जायेगी. पंचायत भवन पर अवैध कब्जा देख बिफरे उपायुक्त उपायुक्त के क्षेत्र भ्रमण के दौरान ग्राम राजी में एक गंभीर मामला सामने आया. यहां पुराने पंचायत भवन के कमरों में ताला लटका था. उपायुक्त के पूछने पर बताया गया कि किसी व्यक्ति ने पुराने भवन के कमरों पर कब्जा कर लिया है, जबकि आंगनबाड़ी केंद्र बरामदे में चल रहा था. उपायुक्त ने इसे गंभीरता से लेते हुए अंचल निरीक्षक को निर्देश दिया कि सीओ से समन्वय कर तत्काल ताला तुड़वायें और पूरे भवन में आंगनबाड़ी केंद्र का संचालन सुनिश्चित करें. शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था का भी लिया जायजा निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने निर्माणाधीन चंदनी आंगनबाड़ी केंद्र का काम शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया. राजी केंद्र में डीसी ने बच्चों के पोषाहार की गुणवत्ता जांची. साथ ही उन्होंने प्रखंड के विभिन्न स्कूलों का भी निरीक्षण किया, जहां पठन-पाठन और मध्याह्न भोजन की स्थिति संतोषजनक पायी गयी. डीसी ने शिक्षकों और छात्रों की उपस्थिति का भी मिलान किया. वहीं खरौंधी से वापसी के दौरान उपायुक्त ने भवनाथपुर प्रखंड, अंचल कार्यालय और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भी औचक निरीक्षण किया. लापरवाही पर होगी कठोर कार्रवाई: डीसी उपायुक्त दिनेश यादव ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है. उन्होंने चेतावनी दी कि विकास योजनाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही से समझौता करने वाले कर्मियों पर कठोर कार्रवाई की जायेगी. जिले में औचक निरीक्षण का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा.
बीडीओ व सीओ गायब मिले, मांगा स्पष्टीकरण
उपायुक्त ने खरौंधी के सरकारी कार्यालयों व विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण
