मंझिआव. पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्म दिवस के अवसर पर होने वाला ईद मिलादुन्नवी का त्योहार मझिआंव व बरडीहा प्रखंड में ख़ुशी व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया.
इस अवसर पर मझिआंव व जोगीबीर का संयुक्त जुलूस झंडे व बैंड बाजे के साथ पुराने अस्पताल से प्रारंभ होकर मझिआंव बाजार पथ, ब्लॉक मोड़ होते थाना तक गया तथा जामा मसजिद के पास मिलनी के बाद जुलूस का समापन किया गया. जुलूस में लोग सरकार की आमद मरहबा, मेरे नबी का है एहसान आदि नारे लगा रहे थे. मझिआंव के जुलूस का नेतृत्व सदर मंसूर खान तथा जोगीबीर के जुलूस का नेतृत्व मो सलीम ने किया. इस मौके पर शमशाद खान, नौशाद खान, सयूम हाशमी, गुड्डू रंग साज सहित दोनों गांव के कई लोग शामिल थे. मझिआंव के अतिरिक्त घुरुआ, सकरकोनि, चंदना, बिडंडा, सेमरहत, आदर, सेमरी सहित कई गांवों में इस मौके पर जुलूस निकाले गये. लगभग सभी मसजिदों में इमामों ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के बारे में तकरीर की.
भवनाथपुर में जुलूस निकला
भवनाथुपर. प्रखंड क्षेत्र में ईद-ए-मिलादुन्नबी का त्योहार धूमधाम से संपन्न हुआ. अरसली उत्तरी पंचायत के पूरे गांव व टोले में जुलूस निकाला गया तथा पंचायत स्थित मुहर्रम के मैदान में मिलाद-ए-पाक का आयोजन किया गया. इस मौके पर प्रखंड के सदर अख्तर अंसारी ने कहा कि पैगंबर हजरत मोहम्मद स. के जन्म दिवस को ईद-ए-मिलादुन्नबी के रूप में मनाया जाता है. पैगंबर हजरत मोहम्मद स. इंसानियत के रहनुमा बन कर आये थे. उन्होंने नेकी के रास्ते पर चलने के लिए सभी को प्रेरित किया. जुलूस में अब्दुल करीम साह, रईस साह, शेखसिराजुद्दीन, जावेद आलम, शकील अहमद उपस्थित थे.
