गढ़वा: स्थानीय विधायक अनंत प्रताप देव की अनुशंसा पर डंडई प्रखंड की तसरार पंचायत स्थित जोगिया बाबा मंदिर तक पक्की सड़क निर्माण की योजना को प्रशासनिक स्वीकृति मिल गयी है. जिला अनावद्ध मद से करीब 60 लाख रुपये की लागत से 2800 फीट लंबी सड़क का निर्माण कराया जाएगा. उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा ने सड़क निर्माण के लिए प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है. योजना की टेंडर प्रक्रिया भी शुरू हो गयी है.
सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने पर जोगिया बाबा मंदिर निर्माण कमेटी, टोड़ी कला नवाडीह के सदस्यों ने समाहरणालय पहुंचकर उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा से मुलाकात की. इस दौरान सदस्यों ने उन्हें अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और प्रसाद भेंट कर बधाई दी तथा सड़क निर्माण की स्वीकृति के लिए आभार व्यक्त किया.
इस अवसर पर मंदिर निर्माण के संस्थापक सदस्य एवं अधिवक्ता अशोक कुमार तिवारी, मथुरा तिवारी, सुरेंद्र तिवारी, राजेंद्र तिवारी, रघुनाथ मिस्त्री, बुद्धिनारायण पासवान, झामुमो के डंडई प्रखंड उपाध्यक्ष कन्हाई यादव, अध्यक्ष रघुराज प्रसाद सिंह, सचिव बनवारी पासवान, सक्रिय सदस्य अनूप यादव और रंजन पासवान समेत अन्य लोग मौजूद थे.
सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने से ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में खुशी का माहौल है. मंदिर निर्माण कमेटी के सदस्यों और तसरार पंचायत के ग्रामीणों ने कहा कि पक्की सड़क का निर्माण जोगिया बाबा मंदिर के विकास में मील का पत्थर साबित होगा. उन्होंने योजना को स्वीकृति दिलाने और इसे धरातल पर उतारने की दिशा में लगातार प्रयास करने के लिए विधायक अनंत प्रताप देव के प्रति आभार व्यक्त किया.
