भवनाथपुर(गढ़वा) : भवनाथपुर–केतार मुख्य पथ पर चटनिया डैम के समीप शनिवार की शाम करीब सात बजे मैजिक वाहन के पलट जाने से उसमें सवार चार लोग घायल हो गये. घायलों में नावाडीह के असलम अंसारी व जफर अंसारी तथा चपरी के संगीता देवी व सूरज गुप्ता शामिल हैं.
सभी को इलाज के लिए भवनाथपुर स्वास्थ्य केंद्र में भरती कराया गया, जहां गंभीर स्थिति में संगीता देवी व सूरज गुप्ता को गढ़वा रेफर कर दिया गया. घायलों ने बताया कि वे लोग भवनाथपुर से एक मैजिक गाड़ी(जेएच 14सी-4664) से केतार आ रहे थे.
इसी बीच चटनिया के पास गाड़ी अनियंत्रित होकर करीब 20 फीट नीचे खाई में गिर गयी. घटना के वक्त कोसडीहरा से किसी केस का अनुसंधान कर लौट रहे एसडीपीओ सुरजीत कुमार, भवनाथपुर थाना के एसआई विनोद सिंह एवं ददन साहू पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया. वहीं रविवार की सुबह पुलिस मैजिक गाड़ी को लेने घटनास्थल पर पहुंची, तो गाड़ी वहां से गायब था.
