भवनाथपुर (गढ़वा) : भवनाथपुर टाउनशिप स्थित आंबेडकर पार्क में स्थापित बाबा साहेब आंबेडकर की प्रतिमा को असामाजिक तत्वों ने सोमवार की रात गंदा कर दिया. इसकी जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे आंबेडकर चेतना परिषद के सचिव बिंदु पासवान ने तत्काल इसकी सूचना परिषद के अध्यक्ष डॉ विजय कुमार त्रिशरण को दी.
मौके पर पहुंचे डॉ कुमार ने गढ़वा उपायुक्त आरपी सिन्हा व पुलिस अधीक्षक मयूर पटेल को दूरभाष पर इसकी जानकारी दी. प्रशासन के निर्देश पर थाना प्रभारी बालकृष्ण भगत दलबल के साथ मौके पर पहुंचे.
बताया गया कि आंबेडकर चेतना परिषद के सदस्यों द्वारा अशोक विजयादशमी के अवसर पर बाबा साहेब की प्रतिमा के समक्ष कैंडिल जलाने को लेकर प्रतिमा व आसपास की साफ–सफाई की गयी थी.
सोमवार की रात असामाजिक तत्वों ने प्रतिमा को गंदा कर दिया था. इससे आंबेडकर चेतना परिषद के लोगों में काफी रोष है. मौके पर झाविमो के केंद्रीय उपाध्यक्ष शकुंतला जायसवाल भी पहुंची. परिषद के सचिव बिंदु पासवान ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है.
उधर घटना को लेकर बसपा के नेतृत्व में खरौंधी मोड़ पर नगरउंटारी–भवनाथपुर मार्ग को 20 मिनट तक जाम कर दिया. जामकर्ता लल्लू राम, संजय पासवान, शंकर भारती, रामसुंदर दास, रामेश्वर राम, विश्वनाथ रवि, रामाशंकर भारती, बसंत राम, विनोद कुमार आदि ने कहा कि प्रशासन तत्काल दोषियों को चिह्न्ति कर उन्हें गिरफ्तार करे. सूचना मिलते ही बीडीओ संजय कुमार, प्रमुख मंजु देवी, थाना प्रभारी बीके भगत तथा प्रमुख प्रतिनिधि महेश पाल ने मौके पर पहुंचकर उन्हें आश्वासन देकर जाम को हटवाया. उधर आंबेडकर पार्क में बसपा के जिलाध्यक्ष ब्रह्मदेव राम, उपाध्यक्ष दशरथ चौधरी, विश्रमपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी अशर्फी चंद्रवंशी, ज्ञानि राम, बंकेश राम आदि ने प्रतिमा की साफ–सफाई कर कैंडिल जलाया. उक्त लोगों ने प्रशासन से दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है.
