किडनी की बीमारी से ग्रसित समाजसेवी के लिए चैरिटी शो
गढ़वा : किडनी की बीमारी से ग्रसित युवा समाजसेवी आकाश कमलापुरी के इलाज हेतु लियो क्लब ऑफ गढ़वा रॉयल/यूथ के तत्वावधान में रविवार की शाम चैरिटी शो का आयोजन किया गया. इसमें वृंदावन से आये कलाकारों ने रासलीला का मंचन किया.
इसकी शुरुआत गणोश वंदना से की गयी. तत्पश्चात शिव–पार्वती का संयुक्त नृत्य प्रस्तुत किया गया. इसके बाद एक से बढ़ कर एक नृत्य की प्रस्तुति कर कलाकारों ने सबका मन मोह लिया. चैरिटी शो का उदघाटन विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी, नगरपंचायत अध्यक्ष पिंकी केसरी, पूर्व अध्यक्ष अनिता दत्त एवं डॉ अभिनित विश्वास ने संयुक्त रूप से किया.
इस मौके पर सत्येंद्रनाथ तिवारी ने कहा कि बीमारी से जूझ रहे युवा समाजसेवी आकाश शीघ्र ठीक होकर हम सब के बीच होंगे. उन्होंने कहा कि जिस युवा समाजसेवी के लिए चैरेटी शो का आयोजन किया गया है. यह भी एक समाजसेवा है. अध्यक्ष गिरिनाथ सिंह ने कहा कि आकाश के लिए लियो के साथियों ने जिस जज्बे को दिखाया है, वह काबिले तारीफ है.
उन्होंने कहा कि लियो के पदाधिकारियों से कहा है कि आकाश का आय प्रमाण पत्र बनवा कर दें. वे सरकार की ओर से डेढ़ लाख रुपये दिलायेंगे. कार्यक्रम में भाजपा नेता अलखनाथ पांडेय, एसडीपीओ हीरालाल रवि, पूर्व सांसद घुरन राम, प्रभात भुइयां, नगर पंचायत अध्यक्ष पिंकी केसरी, पूर्व अध्यक्ष अनिता दत्त, गढ़वा बीडीओ अंजना दास, लायंस ग्रीन के पूर्व अध्यक्ष रवि अग्रवाल, झाविमो के जिलाध्यक्ष राजकुमार मधेशिया ने भी विचार व्यक्त करते हुए समाजसेवा के इस कार्य की काफी प्रशंसा की.
धन्यवाद ज्ञापन गढ़वा अंचलाधिकारी प्रमोद कुमार झा ने किया. इस मौके पर नगरपंचायत के उपाध्यक्ष अनिल पांडेय, थाना प्रभारी अशोक कुमार, विधायक प्रतिनिधि संतोष केसरी, लियो यूथ अध्यक्ष रवि साहू, रॉयल अध्यक्ष डॉ अभिनित विश्वास सहित कई लोग उपस्थित थे.
