गढ़वा : गढ़वा थाना के विशुनपुर गांव में सोमवार के अपराह्न् एक युवक को गोली मार कर हत्या कर दी गयी. मृतक का नाम अभिषेक शर्मा उर्फ छोटे(30) बताया गया. उसका पैतृक गांव बिहार के बिहटा के गतियाना गांव था.
समाचार के अनुसार सुरेश शर्मा का छोटा पुत्र अभिषेक अपने घर पर था. अपराह्न् 4.30 बजे अज्ञात अपराधियों ने वहां पहुंच कर उसे गोली मार दी. गोली उसके पेट में लगी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गयी.
अपराधी गोली मारने के बाद घटनास्थल पर ही पिस्तौल को छोड़ कर भाग गया. सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ हीरालाल रवि व थाना प्रभारी अशोक कुमार घटनास्थल पर पहुंच कर घटना की जानकारी ली. एसडीपीओ हीरालाल रवि ने बताया कि घटनास्थल से पुलिस को एक पिस्तौल व गोली बरामद हुआ है. अपराधी घटना को अंजाम देकर फरार होने में सफल हो गये हैं.
उन्होंने कहा कि पुलिस अपराधी की खोज के लिये छापामारी कर रही है. घटना के संबंध में मृतक के भाई मनोज शर्मा ने कहा कि उसका भाई प्रखंड कार्यालय के पास कंप्यूटर की कक्षा लेता था. कुछ दिन बाद वह जमशेदपुर चला गया था. दादा की मौत के खबर के बाद कुछ दिन पूर्व वह घर आया था. घटना के बाद परिवार के लोगों में गम का माहौल उत्पन्न हो गया है.
