।। देवदत्त चौबे ।।
गढ़वा : जिले में मनरेगा के तहत बनाये जा रहे 8073 कूपों में से फिलहाल 2800 कूप अधूरे पड़े हुए हैं. बारिश देर से शुरू होने के बावजूद सैकड़ों कूपों के निर्माण पर ग्रहण लग गया है. पानी आ जाने के कारण अब इन कूपों का निर्माण बाधित हो गया है. करीब 200 कूप ऐसे हैं, जिनके ध्वस्त होने की आशंका है.
इनके ध्वस्त होने से सरकार को तीन करोड़ रुपये का नुकसान होगा. यद्यपि सैकड़ों अन्य कूपों का निर्माण करने में भी लाभुकों को परेशानी होगी. 1.55 लाख की लागत से बननेवाले इन कूप योजनाओं का चयन वित्तीय वर्ष 2010-11 एवं 2011-12 में किया गया था. अभी तक 6400 कूप का निर्माण पूरा हो चुका है. अधूरे कूपों में से करीब 2500 कूप ऐसे हैं, जो पूर्ण होने के अंतिम चरण में हैं. शेष कूपों की खुदाई कर अभी बांधने का काम प्रारंभ नहीं हुआ है.
