घटना: कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका उच्च विद्यालय का मामला, पानी टंकी फटने से छात्राएं घायल

रमकंडा: रविवार को रमकंडा प्रखंड मुख्यालय स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका उच्च विद्यालय परिसर में ईंट से नवनिर्मित पानी टंकी के फट जाने से चार छात्राएं घायल हो गयीं. इनमें कक्षा 10 की छात्रा अनुष्का पूर्ति व इंटर की छात्रा रीमा टोप्पो की स्थिति गंभीर है़ जबकि कक्षा आठ की पूजा कुमारी व पूनम कुमारी […]

रमकंडा: रविवार को रमकंडा प्रखंड मुख्यालय स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका उच्च विद्यालय परिसर में ईंट से नवनिर्मित पानी टंकी के फट जाने से चार छात्राएं घायल हो गयीं. इनमें कक्षा 10 की छात्रा अनुष्का पूर्ति व इंटर की छात्रा रीमा टोप्पो की स्थिति गंभीर है़ जबकि कक्षा आठ की पूजा कुमारी व पूनम कुमारी को हल्की चोट लगी है. उक्त छात्राओ को टंकी फटने के बाद ईंट के टुकड़े से सिर व अन्य जगहों पर चोट लगी है.


घटना के बाद विद्यालय प्रबंधन ने इन छात्राओं का प्राथमिक उपचार कराया. इसके बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मेदिनीनगर स्थित सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. समाचार के अनुसार करीब एक माह पहले बड़का तालाब के समीप नवनिर्मित भवन में कस्तूरबा विद्यालय स्थानांतरित हुआ है़ यहां छात्राओं की पानी की समस्या को देखते हुए पानी टंकी पिछले सप्ताह ही बनाया गया था़ विद्यालय प्रबंधन द्वारा इसी नवनिर्मित पानी टंकी में रविवार को पानी भरा गया़ पानी भरने के बाद टंकी से रविवार की सुबह करीब आठ बजे उक्त चारों छात्राएं स्नान करने व कपड़ा धोने गयी थी, जहां अचानक पानी की टंकी फट गयी़.

इसकी चपेट में आने से चारों छात्राएं घायल हो गयीं. सूचना मिलते ही रमकंडा थाना से अवर निरीक्षक हरादन बेदिया विद्यालय पहुंचे और जानकारी ली़ जांच के दौरान पाया गया कि बड़ी टंकी महज पांच इंच के दीवार पर बिना पिलर के ही बनाया गया था. साथ ही इसमें क्षमता से अधिक पानी भर दिया गया था़

छात्राओं ने पूरा किया था निर्माण कार्य
विद्यालय परिसर में नवनिर्मित इस पानी टंकी का निर्माण कार्य सितंबर महीने में शुरू किया गया था़ शुरू में इसमें राजमिस्त्री व मजदूरों ने काम किया था़ लेकिन बाद में अधूरे पड़े इस टंकी का निर्माण कार्य विद्यालय की सुरक्षा में तैनात होमगार्ड के जवान व छात्राओं द्वारा पूरा किया गया था़
मामले की जानकारी नहीं है : डीएसइ
इस संबंध में पूछे जाने पर डीएसइ बृजमोहन कुमार ने कहा कि विद्यालय में हुई इस घटना की जानकारी उन्हें नहीं है. इसके बारे में विद्यालय प्रबंधन से जानकारी ली जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >