गोविंद उवि के मैदान में झामुमो का सम्मेलन, हेमंत सोरेन ने कहा भाजपा व्यापारियों व पूंजीपतियों की है पार्टी
गढ़वा: भाजपा गरीब-गुरबों की नहीं, बल्कि पूंजीपतियों व व्यापारियों की पार्टी है़ भाजपा के राज में भय, भूख व भ्रष्टाचार चरम सीमा पर व्याप्त है. खरीद-फरोख्त की भाजपा की सरकार ने देश की जनता को छलने का काम किया है़ आनेवाला समय झारखंड मुक्ति मोर्चा का है और जनता के सहयोग से हम छीनकर सत्ता […]
गढ़वा: भाजपा गरीब-गुरबों की नहीं, बल्कि पूंजीपतियों व व्यापारियों की पार्टी है़ भाजपा के राज में भय, भूख व भ्रष्टाचार चरम सीमा पर व्याप्त है. खरीद-फरोख्त की भाजपा की सरकार ने देश की जनता को छलने का काम किया है़ आनेवाला समय झारखंड मुक्ति मोर्चा का है और जनता के सहयोग से हम छीनकर सत्ता को हासिल करेंगे़.
उक्त बातें पूर्व मुख्यमंत्री सह झामुमो के केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने मंगलवार को गोविंद उवि के मैदान में पार्टी द्वारा आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही़ श्री सोरेन ने कहा कि काफी संघर्ष, लड़ाइयां व शहादत के बाद झारखंड राज्य का सपना साकार हुआ़ लेकिन आज भी वह सपना अधूरा है़.
उन्होंने कहा कि जल, जंगल व जमीन की लड़ाई को लेकर राज्य के कोने-कोने से वीर शहीदों ने शहादत दी. लेकिन भाजपा के लोगों ने इसे बेचने का काम किया़ श्री सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार गरीबों की जमीन लूटकर पूंजीपतियों के हवाले कर रही है़ राज्य में एक भाई को दूसरे भाई से लड़ाने का काम सरकार कर रही है़ ऐसी सरकार को सत्ता में बने रहने का अधिकार नहीं है़ ढिशोम गुरु ने झारखंड राज्य की पहचान कायम की और राज्य के स्थापना में महत्ती भूमिका निभायी़ लेकिन इसका लाभ राज्य के लोगों को नहीं मिला़.
जिन्होंने कार्यक्रम को संबोधित किया
कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करनेवालों में अल्पसंख्यक मोर्चा के केंद्रीय उपाध्यक्ष नसीम अख्तर, मदनी खान, परेश तिवारी, जिलाध्यक्ष विनोद तिवारी, धीरज दुबे, विजयालक्ष्मी, कन्हैया चौबे, सुनील किस्पोट्टा, प्रशांत ठाकुर आदि का नाम शामिल है. कार्यक्रम का संचालन कंचन साहू ने किया़ इस अवसर पर आशीष अग्रवाल, आशुतोष पांडेय, मिथिलेश झा, फुजैल अहमद, मनोज ठाकुर, कांति देवी, सुनीता देवी, अतहर अली, राजेश गुप्ता, नितेश सिंह आदि उपस्थित थे़ इस मौके पर झामुमो के कार्यकर्ता सम्मेलन में राजद, भाजपा सहित अन्य पार्टियों से जुड़े 150 लोगों ने झामुमो की सदस्यता ग्रहण की़ सभी को पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं मिथिलेश ठाकुर ने माला पहनाकर पार्टी में शामिल कराया़.
शामिल होनेवालों में रंकागढ़ से टिंकू सिंह, ललन सिंह, गोपाल कोरवा, आशीष जायसवाल, संजय चंद्रवंशी, नंदगोपाल सिंह, संजय कुमार, अजीत कुमार, लक्ष्मण सिंह, संजीव पासवान, आनंद कुमार सिंह, विकास कुमार, सुबोध कुमार, ललन यादव, ताहिर अंसारी आदि का नाम शामिल है.
स्वास्थ्य मंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए
श्री सोरेन ने कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य के विभिन्न हिस्सा के सरकारी अस्पताल में 1000 से अधिक बच्चों की मौत हो गयी़ नैतिकता के आधार पर स्वास्थ्य मंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए. उन्होंने कहा कि इसी गढ़वा-पलामू से संबंध रखनेवाले स्वास्थ्य मंत्री के क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं का कितना घोर अभाव है, यह जनता से छुपी हुई नहीं है़ ऐसे सरकार को चुल्लू भर पानी में डूब मरना चाहिए. जहां समुचित इलाज के अभाव में नवजात बच्चों की जान जान रही हो़ वहां सरकार बेखबर है़.
भ्रष्टाचारियों को प्रमोशन देती है सरकार
हेमंत सोरेन ने कहा कि गत वर्ष गढ़वा बाजार समिति से एसीबी द्वारा घूस लेते हुए गिरफ्तार किये गये सचिव राकेश कुमार सिंह को सरकार ने प्रमोशन देकर डायरेक्टर का पद दिया है़ इस तरह के कई मामले राज्य में देखने को मिल रहे हैं. इसमें भ्रष्टाचारियों को तोहफा के रूप में कुर्सी परोसी जा रही है़ ऐसी सरकार से लोगों को क्या उम्मीद है़
राज्य में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं : पूर्व मुख्यमंत्री
हेमंत सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है़ महिला व युवतियां चाहे गांव हो या शहर कहीं भी सुरक्षित नहीं है़ आये दिन महिलाओं व लड़कियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म सामने आ रहे हैं. लेकिन सरकार दुष्कर्मियों से निबटने के लिए कोई भी कारगर कदम नहीं उठा रही है़ यह काफी शर्मनाक है़ रांची जैसे शहरों में रात की बात छोड़ दे, तो दिन में भी हत्या, बलात्कार व लूट के मामले आम हो गये हैं. लेकिन सरकार झारखंड मोमेंटम के नाम पर देश के बड़े-बड़े व्यापारियों को बुलाकर हाथी उड़ाने का काम कर रही है़
भाजपा की कथनी व करनी में अंतर : मनोज पांडेय
झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता मनोज पांडेय ने कहा कि भाजपा सरकार से राज्य की जनता उब गयी है़ पिछले 17 सालों में भाजपा की सरकार ने सबसे अधिक राज्य पर शासन किया और राज्य को रसातल में पहुंचाने का काम किया़ भाजपा के कथनी व करनी में अंतर है़ जिनके पैसे से भाजपा 2014 में चुनाव लड़ी थी, उन्हें गरीबों की जमीन लूटकर दे रही है सरकार. स्थानीयता के मुद्दे पर सरकार की चुप्पी जग जाहिर है़ उन्होंने कहा कि आनेवाला समय झामुमो का है और राज्य में झामुमो की ही सरकार बनेगी़