पटमदा.
पटमदा थाना क्षेत्र के लोवाडीह गांव में रविवार दोपहर में एक अनियंत्रित कार तेज रफ्तार के कारण बेकाबू होकर सीधे एक जनरल स्टोर में जा घुसी. इस दुर्घटना में दुकान के भीतर मौजूद दो बच्चे समेत दुकानदार सुकु महतो बाल-बाल बच गए. इस घटना में दुकान और अन्य संपत्तियों को मिलाकर ₹50 हजार से अधिक का भारी नुकसान हुआ है. घटना के बाद गांव में भारी बवाल और पुलिस के साथ धक्का-मुक्की की स्थिति उत्पन्न हो गयी.बिजली खंभे को तोड़ते हुए दुकान में घुसी कार
प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीणों ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कार बेहद तेज गति में थी. लोवाडीह गांव में घुसते ही कार ने पहले एक चाय की दुकान के बाहर लगे खंभे को जोरदार टक्कर मारते हुए उड़ा दिया. इसके बाद भी कार नहीं रुकी और सीधे सुकु महतो के जनरल स्टोर में जा घुसी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने कार में सवार दोनों युवकों को बाहर निकाला और उनकी जमकर पिटाई कर दी. हालांकि, गांव के कुछ बुजुर्गों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला और लहूलुहान हो चुके घायलों को एक पेड़ के नीचे बैठाया.
मुआवजे की मांग को लेकर पुलिस से उलझे ग्रामीण
घटना की सूचना मिलते ही पटमदा पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उन्हें ग्रामीणों के भारी आक्रोश और विरोध का सामना करना पड़ा. स्थानीय लोग और भुक्तभोगी दुकानदार मौके पर ही नुकसान की भरपाई की मांग कर रहे थे. जब एएसआई प्रशांत कुमार दोनों घायल युवकों को सुरक्षा घेरे में लेकर पुलिस वाहन में बैठाने का प्रयास कर रहे थे, तभी कुछ ग्रामीणों ने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की कर दी और एक युवक को दोबारा खींचकर पेड़ के नीचे बैठा दिया. ग्रामीणों का साफ कहना था कि यदि पुलिस आरोपितों को तुरंत अपने साथ ले जाएगी, तो पीड़ित दुकानदार को कभी क्षतिपूर्ति नहीं मिल पायेगी. बाद में पटमदा थाना प्रभारी विष्णुचरण भोगता खुद दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़ित पक्ष को उचित कानूनी कार्रवाई व नियमसंगत मुआवजा दिलाने का ठोस आश्वासन दिया, जिसके बाद जाकर ग्रामीण शांत हुए.
अस्पताल में भर्ती हैं दोनों कार सवार
पुलिस ने कार सवार दोनों युवकों को हिरासत में लेकर इलाज के लिए माचा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां उनका इलाज चल रहा है. आरोपियों की पहचान परसुडीह थाना क्षेत्र के प्रमथनगर निवासी कार चालक अरूप भंडारी (25 वर्ष) और उसके पड़ोसी सुमित सिंह (39 वर्ष) के रूप में हुई है. इस घटना के बीच एक नया मोड़ तब आया जब मानगो निवासी गोविंद सिंह और अरुण कुमार ने पुलिस के पास पहुंचकर इन दोनों युवकों पर गंभीर आरोप लगाये. उन्होंने बताया कि लोवाडीह हादसे से ठीक पहले, लावजोड़ा में उनकी बाइक को इसी कार ने टक्कर मारी थी. जब उन्होंने विरोध किया, तो अरूप भंडारी, सुमित सिंह और उनके 4-5 अन्य साथियों ने उनके साथ मारपीट भी की थी. पटमदा पुलिस अब इन दोनों मामलों को जोड़कर आगे की कार्रवाई में जुट गयी है.
