गालूडीह. आदिम जनजाति सबर-बिरहोर समुदाय के सर्वांगीण विकास और उन्हें आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने के लिए केंद्र सरकार की ””””पीएम जनमन योजना”””” धरातल पर उतर रही है. गालूडीह थाना क्षेत्र की बाघुड़िया पंचायत स्थित गुड़ाझोर में 60 लाख रुपये की लागत से एक भव्य मल्टी परपज सेंटर का निर्माण युद्धस्तर पर जारी है.
भवन एक, सुविधाएं अनेक :
इस मल्टी परपज सेंटर का मुख्य उद्देश्य आदिम जनजाति के लोगों को विभिन्न नागरिक सेवाओं के लिए भटकने से बचाना है. एमपीसी के माध्यम से निम्नलिखित क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया जायेगा. एएनएम के माध्यम से नियमित स्वास्थ्य जांच और पोषण संबंधी सहायता, कौशल विकास के लिए विशेष कक्षाएं, समुदाय को बैंकिंग सेवाओं और वित्तीय प्रबंधन के प्रति जागरूक करना.
भवन के अंदर क्या-क्या होगा:
एमपीसी भवन को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यहां सभी प्रमुख सेवाएं अलग-अलग कक्षों में संचालित हो सकेंगे. आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और एएनएम के लिए अलग-अलग कक्षों का निर्माण किया जा रहा है. ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक के बैठने की व्यवस्था, ताकि सबरों को गांव में ही बैंकिंग का लाभ मिले. युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण देने के लिए एक आधुनिक क्लासरूम, संस्कृति, कला और सामुदायिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए एक विशाल हॉल का निर्माण होगा.
संस्कृति और रोजगार का संगम:
इस योजना का एक महत्वपूर्ण पहलू सबर-बिरहोर समुदाय की विलुप्त होती कला और परंपरा को संजोना है. एमपीसी में उनकी संस्कृति को विकसित करने के साथ-साथ उन्हें स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसरों से जोड़ा जाएगा. प्रशासन का लक्ष्य पहाड़ और जंगलों में रहने वाले सबरों को इस केंद्र के माध्यम से मुख्यधारा में लाना है. प्रशासनिक जानकारी के अनुसार गुड़ाझोर के साथ-साथ घाटशिला प्रखंड की अन्य सबर बहुल बस्तियों में भी एमपीसी निर्माण की स्वीकृति मिल गयी है.