East Singhbhum News : दाहीगोड़ा में हमें हर हाल में अस्पताल चाहिए : ग्रामीण

विधायक से जल्द शिलान्यास कराने की मांग

घाटशिला. गोपालपुर पंचायत अंतर्गत दाहीगोड़ा सर्कस मैदान के समीप प्रस्तावित उप स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण को लेकर शनिवार को ग्राम प्रधान सुनील हेंब्रम की अध्यक्षता में ग्रामसभा हुई. इस बैठक में मुखिया, पंचायत समिति सदस्य और भारी संख्या में ग्रामीणों ने हिस्सा लिया. ग्रामसभा में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सर्कस मैदान स्थित सरकारी जमीन पर 15वें वित्त आयोग की राशि से उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कराया जाए. ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान में अस्पताल दूर होने के कारण बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और आपातकालीन मरीजों को काफी कठिनाई होती है. मुखिया सांखी हांसदा ने कहा कि चयनित भूमि पूरी तरह सरकारी है और किसी की रैयती या निजी जमीन नहीं है. उन्होंने बताया कि पूर्व में शिलान्यास की तिथि तय हुई थी, पर कुछ विवाद के कारण कार्यक्रम नहीं हो सका. वहीं, ग्रामीणों ने 25 मार्च को शिलान्यास स्थल पर अज्ञात तत्वों द्वारा की गई तोड़फोड़ की घटना पर नाराजगी जतायी.

विधायक से जल्द शिलान्यास की अपील:

मुखिया प्रतिनिधि सुखलाल हांसदा ने बताया कि 16 मार्च को ही ग्रामसभा में प्रस्ताव पारित हो चुका था. उन्होंने और पंसस पीयू सिन्हा ने कहा कि सभी ग्रामीणों की सहमति इस केंद्र के साथ है. बैठक के अंत में ग्रामीणों ने ””हमें उप स्वास्थ्य केंद्र चाहिए”” और ””वी वांट हॉस्पिटल”” के नारे लगाये. विधायक के नाम एक संयुक्त आवेदन लिखकर मांग की गई कि निर्माण कार्य में हो रही बाधाओं को दूर कर अविलंब शिलान्यास किया जाये. बैठक में मुखिया सांखी हांसदा, पंसस पीयू सिन्हा, चंदना महाकुड़, मुखिया प्रतिनिधि सुखलाल हांसदा और ग्राम प्रधान सुनील हेंब्रम सहित दाहीगोड़ा क्षेत्र के सैकड़ों लोग उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ATUL PATHAK

ATUL PATHAK is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >