धालभूमगढ़: प्रतिष्ठित कंपनी के फर्जी कागजात बनाकर चालकों से ऐंठते थे मोटी रकम
धालभूमगढ़.
धालभूमगढ़ थाना पुलिस ने एक प्रतिष्ठित कंपनी के नाम पर वाहनों में लोडिंग और अनलोडिंग कराने का झांसा देकर ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया, जिन्हें बुधवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निकेत मंगलम (34) और रोहित झा उर्फ अमन झा (21) के रूप में हुई है.
जमशेदपुर से संचालित होता था नेटवर्क, जाली दस्तावेजों का करते थे उपयोग
पुलिस के अनुसार, इस गिरोह के सदस्य जमशेदपुर में रहकर अपना नेटवर्क चलाते थे. वहां से वे धालभूमगढ़ और आसपास के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों के वाहन चालकों को निशाना बनाते थे. ये शातिर अपराधी फर्जी कागजात और जाली दस्तावेजों के सहारे चालकों को कंपनी में काम दिलाने का झांसा देते थे. इसके एवज में वे चालकों से मोटी रकम ऐंठ लेते थे और पैसा हाथ में आते ही मोबाइल बंद कर फरार हो जाते थे.
कंपनी की शिकायत पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई
इस फर्जीवाड़े की भनक जब संबंधित प्रतिष्ठित कंपनी के अधिकारियों को लगी, तो उन्होंने अपने स्तर से जांच-पड़ताल की. सच्चाई सामने आने के बाद कंपनी के प्रतिनिधि द्वारा धालभूमगढ़ थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी गयी. मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी धीरज कुमार मिश्रा के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया, जिसमें एएसआई फिलिप कुजूर, चंदन मांझी और चौकीदार जय गोपाल मुंडा शामिल थे.
पश्चिम बंगाल के 24 परगना से हुई गिरफ्तारी
गठित पुलिस टीम ने तकनीकी इनपुट के आधार पर पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल के 24 परगना जिले में छापेमारी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया. इस संबंध में धालभूमगढ़ थाना में कांड संख्या 15/2026 दर्ज कर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.