धालभूमगढ़ . सड़क हादसे में मरने वालों दो महिलाएं, तीन बच्चियां व एक बच्चा शामिल
धालभूमगढ़ : धालभूमगढ़ के नूतनगढ़ के पास अनियंत्रत ट्रक के झोपड़ी में घुसने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गयी. इस घटना से आक्रोशित लोगों ने मुआवजे व ट्रक मालिक को बुलाने की मांग को लेकर सुबह छह बजे सड़क जाम कर दी. सड़क पर पत्थर और वृक्ष की डालियों को रख दिया. सूचना पाकर इंस्पेक्टर मिथिलेश कुमार सिंह, सीओ हरिश्चंद्र मुंडा, बीडीओ पूनम कुजूर घटना स्थल पर पहुंचे. सबों के समझाने पर समझाया पर ग्रामीण नहीं माने.
आक्रोशित महिलाएं पुलिस पदाधिकारी से उलझ गयीं और मारपीट पर उतारू हो गयीं. मौके पर भाजपा नेता समीर महंती, जगन्नाथ महतो, प्रमुख यतींद्र नाथ सिंह, जिप सदस्य आरती सामद, उप प्रमुख स्वपन महतो, मुखिया गोविंद मांडी, पूर्व मुखिया पायो हेंब्रम, झामुमो नेता चैतन्य मुर्मू, अर्जुन हांसदा, ग्रामीण मानस सीट, गोपेश सीट, तापस सीट, अशोक सीट समेत सैकड़ों लोग उपस्थित थे. सीओ ने 20 हजार रुपये दिये : बाद में सीओ हरिश्चंद्र मुंडा ने मृतकों के आश्रित राजेंद्र चौधरी को आपदा राहत कोष से 20 हजार रुपये प्रदान किये. सीओ ने लिखित आश्वासन दिया कि आवेदन मिलने के बाद आश्रितों को भूमि देने की पहल होगी.
ट्रक मालिक से संपर्क कर एक सप्ताह के अंदर मुआवजा दिलाने का प्रयास होगा. सुबह से जारी जाम साढ़े 12 बजे दिन में हटा. ट्रक गोपाल गोराई व अनूप पंडा का है ट्रक : धालभूमगढ़ के नूतनगढ़ के पास जिस ट्रक नंबर डब्ल्यूबी-33- 5852 ने दुर्घटना को अंजाम दिया, वह पश्चिम बंगाल के खड़गपुर निवासी यतींद्र पंडा का है. ट्रक पर अंकित मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर यतींद्र पंडा ने बताया कि उन्होंने अक्तूबर 2016 में उक्त ट्रक को घाटशिला के गोपाल गोराई और अनूप पंडा को बेच दिया था. ट्रक के कागजातों में नाम ट्रांसफर नहीं हुआ है. लेकिन कोर्ट में एकरारनामा हुआ है और इसके तहत ट्रक को गोपाल गोराई और अनूप पंडा चलवाते हैं.
