वेतन भुगतान के मुद्दे पर एजीएम के साथ यूनियन की बैठक
मुसाबनी : अप्रैल के वेतन भुगतान मुद्दे को लेकर मऊभंडार में एजीएम (एचआर) केपी विशोई के साथ मुसाबनी माइंस इंप्लाइज यूनियन के प्रतिनिधि मंडल ने बैठक की. बैठक में यूनियन की ओर से कहा गया कि 13 मई तक अप्रैल माह का मजदूरों का वेतन भुगतान नहीं होने से परेशानी है. ऐसे में एचसीएल मामले को संज्ञान में लेते हुए अप्रैल माह का वेतन भुगतान की व्यवस्था शीघ्र करें. बैठक की जानकारी देते हुए यूनियन के संयुक्त सचिव राजेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि बैठक में श्री विशोई ने जानकारी दी है कि इस मुद्दे को लेकर एचसीएल एवं आइआरएल प्रबंधन के बीच बैठक चल रही है.
उम्मीद है शीघ्र अप्रैल माह का वेतन भुगतान के मुद्दे का समाधान होगा. बैठक में यूनियन के डिपूटी प्रेसिडेंट शेख हुसैन, रामयज्ञ शर्मा, पीटर दास, विरेंद्र पांडेय, शिबू गुरूंग शामिल थे. राजेंद्र प्रसाद सिंह ने जानकारी देते हुए कहा कि यूनियन नेताओं के आइआरएल के एचआर हेड पीके दूबे से दूरभाष पर संपर्क कर अप्रैल माह के वेतन भुगतान के संबंध में जानकारी ली.
श्री सिंह ने कहा कि पीके दूबे के 2016-17 के वार्षिक वेतन वृद्धि जो अप्रैल से प्रभावी है देने की जानकारी दी है. अप्रैल माह का वेतन दस प्रतिशत वार्षिक वेतन वृद्धि के साथ भुगतान के लिए एचसीएल को भुगतान करने के लिए 13 मई को सौंप दिया गया है. राजेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा यूनियन के प्रयास से आइआरएल के मजदूरों को अप्रैल माह का वेतन दस प्रतिशत वार्षिक वृद्धि के साथ जल्द मिलेगा.
