धालभूमगढ़. आंधी से कई घरों के एस्बेस्टस व छप्पर उड़े
धालभूमगढ़ : धालभूमगढ़ प्रखंड में 19 अप्रैल की शाम में आयी आंधी में कई घरों को नुकसान पहुंचा. जूनबनी पंचायत के डोभा गांव में विवेक मंडल के घर का एस्बेस्टस और टाली तेज हवा में उड़ गया. इससे विवेक मंडल खुले आसमान के नीचे आ गया है. घर में रखे धान, चावल, मूढ़ी समेत अन्य सामग्रियां नष्ट हो गयीं. श्री मंडल ने बताया कि 28 अप्रैल को बेटी की शादी है. उसके पूर्व घर का एस्बेस्टस और टाली उड़ गया. अब इसकी तैयारी में लगना होगा. मौदाशोली पंचायत के सरबिला गांव के जियान मार्डी की टाली का घर व निर्माणाधीन घर साल की मोटी डाली गिर गयी. इससे घर और घर में रखी सामग्रियां नष्ट हो गयीं.
जियान मार्डी का परिवार में 23 मई को शादी है. इस पंचायत के आमाडुबी गायन टोला में पांच से अधिक टाली और एस्बेस्टस घरों को क्षति पहुंची है.हवाई पट्टी-रावताड़ा सड़क पर 18 घंटे आवागमन ठप : जुगीशोल पंचायत के चतरो सिद्धेशोल चौक पर आम का पेड़ गिरने से हवाई पट्टी-रावताड़ा सड़क पर 18 घंटों से आवागमन बाधित रहा.
चुकरीपाड़ा पंचायत के बेहड़ा गांव में अंता मुर्मू के घर पर इमली का पेड़ गिरा. पानीजिया में 10 से अधिक मकानों के छप्पर उड़ गये. तेज हवा से बिजली आपूर्ति प्रभावित है. धालभूमगढ़ सब स्टेशन से कोकपाड़ा फीडर, दोलकी फीडर, रावताड़ा फीडर, चाकुलिया में 11 हजार का फीडर समेत अन्य फीडरों में विद्युत आपूर्ति ठप है.
