पेंशन के लिए दौड़ा रहा बैंक
जांच के लिए बैंक ने वृद्धा का खाता लॉक कर दिया
17 फरवरी को आयी पेंशन के लिए चक्कर लगा रही वृद्धा
गालूडीह : वृद्धा के खाते में बैंक की गलती आये 10 लाख रुपये की जांच के लिए बैंक ने खाता लॉक कर दिया. अब वृद्धा अपनी पेंशन राशि के लिए बैंक का चक्कर लगा रही है. उसे बैंक कर्मी बाद में आने के बात कह दौड़ा रहे हैं. दूसरे की गलती के कारण महिला अपनी पेंशन राशि नहीं निकासी कर पा रही है, जो उसके जीवन बसर का सहारा है. गालूडीह के महुलिया निवासी पेंशनधारी वृद्धा कमला सिंह इसे लेकर परेशान है.
बैंक ऑफ बड़ौदा की गालूडीह शाखा में वृद्धा का खाता (नंबर 14380100000580) है. बीते आठ फरवरी को वृद्धा के खाते में 10 लाख रुपये किसी ने जमा कर दिया. इसकी जानकारी वृद्धा तब मिली, जब वह पेंशन राशि निकालने बैंक पहुंची. फिलहाल उसके खाते में 10,00, 603.00 रुपये जमा है. उसके खाते में पेंशन की राशि 17 फरवरी को आयी. अब बैंक की गलती की सजा पेंशनधारी को मिल रही. वृद्धा ने बताया कि वह चार मार्च को बैंक में पेंशन राशि निकासी के लिए गयी, तो बैंक कर्मियों ने कहा कि खाता लॉक हो गया है. कुछ दिन बाते आये.
किसकी राशि है 10 लाख, वृद्धा के खाते में कैसे आया
बीओबी की गालूडीह शाखा प्रबंधक तृप्ति यादव के अनुसार 10 लाख रुपये झारखंड स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड के हैं. यह रुपये बीआरसी के लिए भेजे गये हैं. गलती से यह रकम कमला सिंह के खाते में चली गयी है. जल्द इसे रिफंड कर वापस ले लिया जायेगा. वृद्धा का खाता चालू कर दिया जायेगा.
