बहरागोड़ा. तिलका माझी स्टेडियम में विधानसभा विकास महोत्सव (लक्ष्य) का समापन समारोह
बहरागोड़ा : परंपरागत राजनीति से हटकर यूथ के बीच नयी सोच और कल्पना से विश्वास जगायें. अल्पकाल में विधायकों ने झारखंड के लिए बेहतर काम किया है. सम्मान सकारात्मक सोच बढ़ाती है. कुणाल षाड़ंगी के नेतृत्व में बहरागोड़ा आगे बढ़ रहा है. उक्त बातें राज्य के कला, खेल और संस्कृति मंत्री अमर बाउरी ने कहीं. वे रविवार को बहरागोड़ा में नवनिर्मित तिलका माझी स्टेडियम में आयोजित विकास महोत्सव (लक्ष्य) के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे.
उन्होंने कहा कि ऋणात्मक सोच का त्याग करें. सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें. सकारात्मक सोच के लिए झारखंड की पहचान है. संभावनाओं के लिए झारखंड जाना जाता है. यहां फिल्म, कला, पर्यटन, खेल की काफी संभावनाएं हैं. फिल्म उद्योग से जुड़े लोग यहां आयें और फिल्म उद्योग लगायें. उन्होंने कहा कि पूनम ढिल्लो फिल्म उद्योग के लोगों के साथ झारखंड आयें. उनकी हर संभव सहायता की जायेगी. श्री बाउरी ने कहा कि झारखंड आजादी के पूर्व से प्रेरणा का मंत्र रहा है. यहां के महापुरुषों ने आजादी की लड़ाई में अहम भूमिका निभायी. 1908 में जमशेदपुर (टाटा) बसा. यहां उद्योग लगा. ऐसे कार्यक्रम का आयोजन सराहनीय प्रयास है. श्री बाउरी ने नव निर्मित स्टेडियम का नामकरण तिलका माझी स्टेडियम के नाम से करने की घोषणा की.
समाज निर्माण में योगदान करने वाले हुए सम्मानित
महोत्सव में समाज के निर्माण में अहम् भूमिका निभाने वाले विशिष्ठ शिक्षक, वैज्ञानिक, प्रोफेसर, मुखिया, चिकित्सक समेत अन्य को सम्मानित किया गया. समारोह के मुख्य अतिथि खेल,कला और संस्कृति मंत्री अमर बाउरी और विशिष्ठ अतिथि फिल्म अभिनेत्री पूनम ढिल्लो ने प्रशस्ति पत्र देकर और शॉल ओढ़ा कर सम्मानित किया.
सम्मानित होने वालों में राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित चाकुलिया के शिक्षक मनसा राम हतो, प्राचार्य डॉ विनय कृष्ण महंता, कृष्णा नंद मिश्रा, डॉ हिमांशु शेखर पाल, डॉ सतपति, आशीष पानीग्राही, अजीत पात्र, पत्रकार कृष्णेंदू घोष समेत अन्य लोगों को सम्मानित किया गया. इस अवसर पर विधायक कुणाल षाड़ंगी, जीतेंद्र षाड़ंगी आदि उपस्थित थे. समारोह का संचालन पूर्व मंत्री डॉ दिनेश षाड़ंगी ने किया. उन्होंने कहा कि समाज के निर्माण में ऐसे व्यक्तियों के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता है.
