घाटशिला. नक्सल प्रभावित बांकी पंचायत में मजदूरों का शोषण
लघु सिंचाई विभाग के तहत चाकदोहा में बेहड़ा नदी पर हो रहा है 1.92 करोड़ की लागत से सीरियल चेकडैम का निर्माण
योजना में हो रहा है पहाड़ों और जंगलों से से लाये गये अवैध पत्थरों का उपयोग
घाटशिला : घाटशिला के नक्सल प्रभावित बाकी पंचायत के चाकदोहा में बेहड़ा नदी पर हो लघु सिंचाई विभाग के तहत 1.92 करोड़ की लागत से साईं कंट्रक्शन द्वारा बनाये जा रहे सीरियल चेकडैम में अवैध पत्थरों को उपयोग किया जा रहा है. योजनास्थल पर सूचना बोर्ड भी नहीं लगाया गया है. उक्त आरोप निर्माण कार्य में जुटे मजदूर शिवा सोरेन, नगेन सोरेन, श्रीमत सोरेन, चैतन्य सोरेन आदि ने लगाया है. मजदूरों ने बताया कि 222.46 की बजाय 195 रूपये की दर से संवेदक द्वारा मजदूरी दी जा रही है. योजनास्थल पर सांसद और विधायक के नाम से शिलापट्ट लगा है, जिसे मिट्टी से ढक दिया गया है. ग्रामीणों ने बताया कि निर्माणकार्य में धालभूमगढ़ के महिषाधरा के पास के पहाड़ों से लाये गये पत्थरों का प्रयोग हो रहा है.
योजना में गड़बड़ी की शिकायत मिली है. मजदूरों को निर्धारित दर से मजदूरी का भुगतान नहीं किया जा रहा है. घटिया सामग्री का प्रयोग करने की भी शिकायत मिली है. इन बातों की जांच के लिए उपायुक्त को पत्र लिखा जायेगा. मामले को जिला की बैठक में रखा जायेगा. -देवयानी मुर्मू, जिला परिषद सदस्य, घाटशिला.
पुरानी योजना है. उक्त योजना के तहत निर्धारित मजदूरी दर के हिसाब से मजदूरी का भुगतान किया जा रहा है. योजना में सूचना बोर्ड लगाने का प्रावधान नहीं है. लोकल पत्थरों प्रयोग हो रहा है. मगर डबल रायल्टी देते हैं. – विनय सिंह, संवेदक .
