कार से घाटशिला परीक्षा देने जा रहे थे 10 विद्यार्थी
ड्राइवर को भी लगी है चोट
सभी विद्यार्थी जमशेदपुर के
घटना के बाद सभी ने उर्दू विषय की परीक्षा दी
घाटशिला : घाटशिला थानांतर्गत जगन्नाथपुर के पास एनएच-33 पर मंगलवार की सुबह ट्रक (यूपी 80 बीटी/5909) और स्कॉर्पियो (ओडी 02/बीडी/0355) आमने-सामने टकरा गयी. स्कॉर्पियो पर मैट्रिक के परीक्षार्थी सवार थे. सभी मुसाबनी के बलदेवदास संतलाल विद्या मंदिर में उर्दू विषय की परीक्षा देने जा रहे थे. घटना में स्कॉर्पियो चालक मो शहनवाज आलम गंभीर रूप से घायल हो गया. चालक का इलाज गालूडीह के नर्सिंग होम में कराने के बाद बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर भेज दिया गया.
वहीं स्कॉर्पियो पर सवार परीक्षार्थी मो नौशाद और मोहम्मद मुबारक को हल्की चोट लगी. प्राथमिक उपचार के बाद दोनों परीक्षार्थी परीक्षा देने के लिए मुसाबनी चले गये. विदित हो कि स्कॉर्पियो जमशेदपुर से मुसाबनी जा रही थी. वहीं ट्रक घाटशिला से जमशेदपुर जा रहा था. दुघर्टना की सूचना मिलने के बाद पुलिस पहुंची. ट्रक चालक अशोक कुमार को हिरासत में ले लिया. दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और स्कॉर्पियो जगन्नाथपुर के पास खड़ा है. स्कॉर्पियो पर सवार मो शाहिद, इम्तियाज, फरदीन, परवेज, दानिश, मोहम्मद असलम सुरक्षित हैं. विदित हो कि ट्रक ओड़िशा से कानपुर जा रहा था.
नारगा से बाइक चोरी
गालूडीह. एमजीएम थानांतर्गत नारगा हाट से मंगलवार की शाम में एक लाल रंग का हीरोहोंडा ग्लैमर मोटर साइकिल (जेएच 05एयू/4282) चोरी हो गयी. उक्त बाइक नारगा निवासी सत्य गोस्वामी की थी. वह बाइक खड़ा कर साप्ताहिक हाट में खरीदारी करने गया था. इसकी सूचना एमजीएम थाना को दी गयी है.
