अभाविप का नगर सम्मेलन, बोले डॉ राजीव
घाटशिला : घाटशिला के मारवाड़ी पंचायती धर्मशाला में गुरुवार को जिला संयोजक जगन्नाथ नायक की अध्यक्षता में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का नगर सम्मेलन हुआ. इसका उदघाटन मुख्य अतिथि बीडीएसएल महिला कॉलेज की प्राचार्या सह पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ पुष्कर बाला ने भारत माता की तसवीर पर माल्यार्पण और दीप प्रज्जवलित कर किया. डॉ बाला ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद युवा शक्ति को नेतृत्व प्रदान करता है. यह विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है. युवाओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने और एक विशाल संगठन तैयार करने में परिषद ने कोई कसर नहीं छोड़ी है. समारोह में डॉ राजीव कुमार ने कहा कि अभाविप एक शिक्षित परिवार के रूप में है. इस संगठन में शिक्षक, शिक्षार्थी और शिक्षाविद्यों की भरमार है.
उन्होंने कहा कि घाटशिला कॉलेज को ट्राइबल कॉलेज बनाने की घोषणा हुई थी. इस घोषणा पर आगे की कार्रवाई नहीं हो रही है. कॉलेज में विद्यार्थियों की संख्या अधिक है. शिक्षकों की कमी है. इन सभी समस्याओं को दूर करने के लिए युवा शक्ति को आगे आने की जरूरत है. डॉ कुमार ने कहा कि जब तक युवा शक्ति आगे नहीं बढ़ेगा. तबतक घाटशिला में विश्वविद्यालय की स्थापना नहीं होगी और घाटशिला कॉलेज ट्राइबल कॉलेज नहीं बनेगा. सम्मेलन को रमण सिन्हा, टिंकू गुप्ता, पिकलू घोष ने संबोधित किया. संचालन प्रदेश कार्य समिति सदस्य रोहित कुमार शुक्ला ने किया.
नगर अध्यक्ष बने डॉ राजीव कुमार
सम्मेलन के बाद नगर इकाई का पुनर्गठन किया गया. नगर अध्यक्ष डॉ राजीव कुमार, उपाध्यक्ष रमण सिन्हा, टिंकु गुप्ता, मोनिका साव, नगर मंत्री जितेंद्र मन्ना, सह मंत्री नारायण मुर्मू, लक्ष्मण हांसदा, राजू महतो, अनुपम आनंद अवस्थी, कोषाध्यक्ष आदर्श अवस्थी, छात्रा प्रमुख ऋतु कुमारी, एसएफडी प्रमुख सत्यजीत दास, टीएसवीपी प्रमुख अविनाश चक्रवर्ती, जनजातीय छात्र प्रमुख राजेश सोरेन, मीडिया प्रभारी आकाश दत्ता, कार्य समिति सदस्यों में सोमा राय हांसदा, सुखदेव माझी, अमित बासुरी, मो जावेद, अमित हाजरा, कैलाश नमाता, मनसा तराई को शामिल किया गया है.
