एमओ ने राशन कार्ड बनाने का दिया आश्वासन
घाटशिला : धरमबहाल और मनोहर कॉलोनी की महिलाओं ने खाद्य सुरक्षा अधिनियम में नाम शामिल करने की मांग पर मंगलवार को घाटशिला प्रखंड के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी संतोष कुमार का कार्यालय में घेराव किया. खरस्वती कालिंदी, कार्तिक कालिंदी, चंपा भकत, पेटू बेहरा ने कहा कि वे गरीब हैं. खाद्य सुरक्षा अधिनियम में नाम शामिल करने की मांग पर पांच बार आवेदन दिया, लेकिन सुनवाई नहीं हुई. दो मंजिला और नौकरी पेशा लोगों का राशन कार्ड बन जाता है,
लेकिन गरीबों के नाम से राशन कार्ड नहीं बनता है. वे लोग मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते हैं. दूसरे के घर बर्तन मांज कर परिवार चलाते हैं. महिलाओं ने कहा कि कब तक उनका राशन कार्ड बनेगा. एमओ ने कहा कि निश्चित रूप से गरीबों का राशन कार्ड बनेगा. कुछ दिनों तक इंतजार करना पड़ेगा. उन्होंने कहा कि आये दिन अमीरों का राशन कार्ड निरस्त हो रहा है. निरस्त राशन कार्ड के बदले गरीबों का राशन कार्ड बनाया जायेगा.
