घाटशिला : घाटशिला के कीताडीह ग्राम प्रधान प्रसाद हांसदा को आइसीसी ने भूमि अधिग्रहण के बाद नौकरी देने का आश्वासन दिया था. 34 साल पहले (1982 में) भूमि का अधिग्रहण किया गया. वहां सड़क बन गयी, लेकिन ग्राम प्रधान को नौकरी नहीं मिली. मंगलवार को कॉपर इंप्लाइज यूनियन और सीआइटीयू का एक प्रतिनिधि मंडल आइसीसी के महाप्रबंधक डीके चौधरी और एजीएम (एचआरएंडए) केपी बिसई से मिला. ग्राम प्रधान को नौकरी के मसले पर बात की.
महाप्रबंधक ने 15 दिनों का समय मांगा, ताकि आवश्यक कार्रवाई हो सके. श्री हांसदा ने बताया कि उनकी उम्र 50 साल है. आइसीसी कंपनी ने उनसे 1982 में लिंक रोड बनाने के लिए भूमि अधिग्रहित की थी. उन्होंने बताया कि प्लॉट संख्या 236, खाता संख्या 1271 और 1272 को मिला कर लिंक रोड का निर्माण हुआ. इस मामले में आइसीसी के जीएम को 14 दिसंबर 2016 को आवेदन दिया गया था. आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई. उन्होंने बताया कि इसके पूर्व तीन अक्तूबर 1990, 22 मई 2003 और 10 मई 2007 को कंपनी के पदाधिकारी को आवेदन दिया गया. कंपनी ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की. उत्पल विश्वास और मुकेश कर्मकार के नेतृत्व में प्रसाद हांसदा ने जीएम और एजीएम (एचआरएंडए) से भेंट की. उन्होंने इस मामले में जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया.
