पहले 150 रुपये दिये जा रहे थे विरोध के बाद Rs 180 दिये गये
मुसाबनी : मुसाबनी प्रखंड परिसर में एक हजार मैट्रिक टन का गोदाम निर्माण बिना सूचनापट्ट लगाये करने और न्यूनतम मजदूरी नहीं मिलने के विरोध में गुरुवार को प्रदर्शन किया. मजदूरों का कहना था कि सूचनापट्ट नहीं होने से ग्रामीणों को योजना से संबंधित जानकारी नहीं मिल पा रही है. मजदूरों को 150 रुपये मजदूरी दी जा रही है.
इसके विरोध करने पर मुंशी ने 180 रुपये मजदूरी भुगतान किया. गोदाम निर्माण में 23 महिला और 22 पुरुष मजदूर काम कर रहे हैं. मजदूरों ने कहा कि बुधवार की सुबह आठ से रात सात बजे तक कलम ढलाई के लिए ओवर टाइम कराया गया. करीब तीन घंटे ओवर टाइम करने के बाद दिनभर की मजदूरी 200 रुपये दी गयी. न्यूनतम मजदूरी की मांग करने पर काम से हटाने की धमकी दी जाती है.
मुंशी बाहर से मजदूर लाकर काम कराने की बात करता है. कार्य स्थल पर देखरेख कर रहे मो सिद्दिकी ने कहा कि वे इस संबंध में कुछ नहीं जानते हैं. तीन जनवरी से गोदाम निर्माण का कार्य चल रहा है. अबतक मिस्त्री का वेतन भुगतान नहीं हुआ है. इस संंबंध में सीओ साधु चरण देवगम ने कहा कि कार्य स्थल पर सूचना पट्ट लगाने व न्यूनतम मजदूरी का भुगतान
कराया जायेगा.
