निदेशक का दौरा. चार पंचायतों में कई योजनाअों का निरीक्षण
मुसाबनी के चार पंचायतों का औचक निरीक्षण कर विकास योजनाअों की स्थिति देखी. साथ ही जहां भी खामियां पायी गयी, वहां सुधार का निर्देश दिया गया.
जादूगोड़ा : डीआरडीए जमशेदपुर की निदेशक उमा महतो ने बुधवार को मुसाबनी के चार पंचायतों के इंदिरा अावास, डोभा और स्कूलों का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने पैसे लेकर इंदिरा आवास का निर्माण पूरा नहीं करने वाले लाभुकों को चेतावनी दी. साथ ही उन्हें सात दिनों के अंदर अावास पूरा करने का निर्देश दिया.
निदेशक उमा महतो सबसे पहले उत्तरी ईचड़ा गयीं. इसके बाद माटीगोड़ा, मुर्गाघुटू और तेरेंगा पंचायत. श्रीमती महतो के साथ उत्तरी ईचड़ा की मुखिया रेखा उरांव, पंचायत समिति सदस्य रूप कुमार मंडल, माटीगोड़ा पंचायत के कार्तिक हेंब्रम, पंचायत सचिव नवकुमार राय, लाल मोहन महतो, विजय कुमार, सुभाष चंद्र सिंह, रोजगार सेवक बाल्मीकि मार्डी एवं तेरेंगा के मुखिया दुलारी सोरेन शामिल थे.
उत्तरी ईचड़ा में डोभा पर जताया संतोष : उत्तरी ईचड़ा पंचायत में एक स्थान में डोभा का निरीक्षण किया गया, जिस पर डायरेक्टर ने संतोष जताया. साथ ही डोभा के समीप बोर्ड लगाने का निर्देश दिया.इसके बाद वे उत्क्रमित मध्य विद्यालय ईचड़ा पहुंची और बच्चों से कुछ सवाल पूछे. इस दौरान कमजोर बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया. वही माटीगोड़ा पंचायत में डोभा का निरीक्षण किया गया.
कस्तूरबा का किया निरीक्षण :
डायरेक्टर ने राखा स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका उच्च विद्यालय का निरीक्षण किया. यहां पीपीटी के मात्र चार छात्रों को देखकर असंतोष व्यक्त किया. इसके बाद पुस्तकालय का निरीक्षण किया गया और उच्च वर्ग के बच्चों से पूछताछ की.
इचड़ा स्कूल में बच्चों से पूछताछ करती उमा महतो व अन्य.
माटीगोड़ा पंचायत में डोभा की जांच करतीं निदेशक उमा महतो व अन्य.
मुर्गाघुटू और तेरेंगा में डोभा देख भड़की निदेशक
मुर्गाघुटू पंचायत में मंगल द्वारा सड़क किनारे बनाये गये डोभा को देखकर भड़क उठीं और डोभा में पानी में मरी मछलियों के बारे में पूछताछ की. इस क्रम में मंगल को बोर्ड लगाने को कहा गया और डोभा को दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया. इसके बाद वे केंदडीह में बने जलमीनार का निरीक्षण किया और पूरी जानकारी ली.
