बहरागोड़ा : बहरागोड़ा में फैलिन से भी तेज सब्जियों के भाव हो गये हैं. फैलिन के बाद यहां सब्जियों के भाव में अप्रत्याशित रूप से उछाल आया है. प्रति किलो 10 से 15 रुपये की तेजी आयी है.
वहीं लोकल सब्जी बाजार से गायब सी हो गयी है. गुरुवार को यहां हाट थी और हाट में लोकल सब्जी अपेक्षाकृत कम आमद हुई. कारण है यहां के सब्जी उत्पादक गांवों में सुवर्णरेखा नदी की बाढ़ से सब्जी की फसलें बर्बाद हो गयी हैं.
विदित हो कि सुवर्णरेखा नदी के किनारे स्थित महुलडांगरी, बामडोल, मधुआबेड़ा समेत बहुलिया पंचायत के अन्य गांवों में बैंगन, लौकी, करैला, झंगा, मूली, कुंदरी, खीरा, समेत सब्जी की खासी खेती होती है.
यहां उत्पादित सब्जी पश्चिम बंगाल तथा ओड़िशा में भी भेजी जाती है. यहां सब्जी के उत्पादन से यहां के बाजार में भी सब्जी का भाव कम रहता है, परंतु बाढ़ के कारण सब्जी की फसल तहस–नहस हो गयी है. किसानों को तो भारी नुकसान हुआ ही है. बाजार में सब्जियों की किल्लत हो गयी है और भाव में आसमान छूने लगे हैं.
इसके पूर्व यहां बैंगन, करैला, मूली, करैला, लौकी की कीमत 10 से 15 रुपये कम हुआ करती थी. अनुमान लगाया जा रहा है कि सब्जियों की कीमत में और वृद्धि होगी.
