घाटशिला : घाटशिला थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर और कापागोड़ा के बीच रविवार की रात कोंदर पुलिया पर मेडिकल पिक अप वैन और लोहे के एंगल से लदे टेलर के बीच हुई सीधी टक्कर से एक 30 वर्षीय अज्ञात युवक की मौत हो गयी.
इस घटना में मेडिकल पिक अप वैन के परखच्चे उड़ गये. घटना के बाद दोनों तरफ से एनएच 33 जाम हो गया और दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गयी. घाटशिला की ओर से जमशेदपुर जा रहे मेडिकल पिक अप वैन संख्या यूपी 32 एएन/ 5514 और जमशेदपुर की ओर से बहरागोड़ा की ओर जा रहे एंगल लदे टेलर संख्या एनएल 01डी/ 8139 के बीच सीधी टक्कर से यह दुर्घटना हुई. घटनास्थल पर घाटशिला पुलिस पहुंच गयी है.
पुलिस का कहना है कि मृत युवक मेडिकल पिक अप वैन का चालक हो सकता है. मेडिकल पिक अप वैन पर उत्तर प्रदेश के फैजाबाद अंकित है. पिक अप वैन की संख्या भी यूपी की है. घटना के बाद दोनों वाहनों के पास कोई नहीं था. पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है.
