घाटशिला : अप सुपर फास्ट इस्पात एक्सप्रेस में घाटशिला से यात्र करने वाली महिला यात्रियों पर बंगाल से आये सोने के चेन छिनतई करने वाले गिरोह की नजर लग गयी है. पिछले तीन दिन में दो महिलाओं से बंगाल से घाटशिला में शरण लिए आपराधिक चरित्र के युवकों ने सोने के चेन की छिनतई की है.
टाटानगर रेलवे स्टेशन पर एक मुसलिम महिला के गले से सोने का चेन छिन कर भाग रहे बंगाल के गोपाल नस्कर तो पुलिस की गिरफ्त में है, परंतु उसके सात साथी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं.
चेन छिनतई की गयी
शनिवार को अप सुपर फास्ट इस्पात एक्सप्रेस से टाटानगर जा रही कन्या मध्य विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका भारती डे के गले से सोने की चेन की छिनतई अज्ञात अपराधियों ने कर ली थी.
दर्ज करायी प्राथमिकी
सोने की चेन छिनतई के मामले में शिक्षिका भारती डे ने घाटशिला रेल ओपी में प्राथमिकी दर्ज करायी है. उन्होंने प्राथमिकी में कहा है कि वह अपने पति अजीत कुमार डे के साथ विद्यालय के काम से डीसी कार्यालय जाने के लिए इस्पात एक्सप्रेस में चढ़ी, तो पीछे से अज्ञात अपराधियों ने उनके गले से सोने का चेन पर झपट्टा मारा.
आधा चेन उनके हाथ में और आधा चेन अज्ञात अपराधी लेकर भाग गया. उन्होंने कहा कि जमशेदपुर में काम भी नहीं हुआ और सोने की चेन की छिनतई भी हो गयी. पुलिस ने कहा कि मामले में अनुसंधान जारी है. अभी तक शिक्षिका से छिने गये चेन के संबंध में पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला है.
