चाकुलिया : चाकुलिया के बड़ामारा में पलपला खाल पर चेकडैम बनाने वाली ठेका कंपनी की लापरवाही से खाल के किनारे निर्मित उद्वह सिंचाई योजना का पंप घर ध्वस्त हो गया. इसके कारण दर्जनों किसान अपने खेत की सिंचाई से वंचित रह जायेंगे. किसानों में भारी रोष है.
गांव के किसान टिनू मांडी, भीम बास्के, माझो सोरेन ने बताया कि पंप घर में मशीन है. इससे यहां के किसान सालों भर खेत की सिंचाई कर फसल उपजाते थे. पंप घर के पास ही चेकडैम का निर्माण किया गया.
निर्माण अधूरा छोड़ दिया गया. चेकडैम का गार्डवाल अधूरा रहने के कारण पानी का बहाव पंप की ओर हुआ और पंप घर ध्वस्त हो गया. किसानों ने कहा कि गार्डवाल का निर्माण करने के लिए संबंधित ठेका कंपनी से कई बार अनुरोध किया गया, परंतु कंपनी ने कोई ध्यान नहीं दिया. नतीजतन पंप घर ध्वस्त हो गया.
