जादूगोड़ा : माटीगोड़ा स्थित अग्रसेन भवन में जादूगोड़ा मारवाड़ी युवा मंच की बैठक का आयोजन किया गया. बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि अग्रवाल ने कहा की जादूगोड़ा के यूरेनियम से पूरे देश की परमाणु व्यवस्था को कंट्रोल किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि जादूगोड़ा शाखा कोई छोटी शाखा नहीं है. क्योंकि यहां पर परमाणु ऊर्जा का मुख्य श्रोत है.
वैसे ही जादूगोड़ा शाखा भी पूरे देश की शाखाओं में अपनी अहम भूमिका रखता है एवं कोई भी शाखा छोटी नहीं होती. प्रत्येक शाखा द्वारा किये गये छोटे-छोटे कार्यो की बदौलत ही हमारी पहचान बनती है. उन्होंने सदस्यों से कहा कि प्रत्येक महीना कम से कम दो कार्यक्रम मंच द्वारा जरूर करे. उन्होंने कहा कि अध्यक्ष बनने के बाद मेरा सबसे पहला दौरा जादूगोड़ा शाखा का रहा है, और मैं यहा आकर बहुत ही आनंदित महसूस कर रहा हूं. शाखा द्वारा किये कार्यो से गर्व महसूस करते हैं.
रवि अग्रवाल के साथ निवर्तमान उपाध्यक्ष नंद किशोर अग्रवाल, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य आनंद अग्रवाल, मंडल प्रभारी भरत एवं स्टील सिटी जमशेदपुर शाखा के विमल रिंगसिया का शाखा के सदस्यों ने फूलों का गुलदस्ता देकर सम्मानित किया. इस अवसर पर आनंद अग्रवाल ने कहा कि संगठन को मजबूती से ही मंच को मजबूती मिलती है एवं युवा को ही इसकी जिम्मेदारी लेनी होगी. निवर्तमान राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नंद किशोर अग्रवाल ने कहा की कितनी भी विकट समस्या हो मंच हमेशा अपने सदस्यों के बीच ढाल बना कर खड़ा रहेगा.
वहीं मारवाड़ी युवा मंच के सुशील अग्रवाल ने मंच द्वारा किये गये कार्यो की समीक्षा रिपोर्ट प्रस्तृत किया तथा कहा कि 12 अप्रैल को मारवाड़ी युवा मंच शाखा जादूगोड़ा द्वारा नि:शुल्क चिकित्सा शिविर अग्रसेन भवन माटीगोड़ा में कराने की जानकारी दी एवं आगे के कार्यक्रमों से अवगत कराया गया.
घाटशिला शाखा के ललित अग्रवाल, कैलाश अग्रवाल, अनिल अग्रवाल व चाकुलिया शाखा अध्यक्ष आलोक लोधा ने भी मंच के बारे में विस्तृत जानकारी दी. मंच का संचालन सुशील अग्रवाल ने किया एवं धन्यवाद ज्ञापन नंदलाल गुप्ता ने किया. इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों में विश्वनाथ अग्रवाल, योगेश अग्रवाल, राजकुमार अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, राजेंद्र अग्रवाल, पावन अग्रवाल, अनुराग अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, राज कुमार गुप्ता, राजू अग्रवाल, संतोष अग्रवाल आदि शामिल थे.
