बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड स्थित खंडामौदा स्थित ओड़िया माध्यम का हाई स्कूल उपेक्षा का दंश ङोल रहा है. यह स्कूल समस्याओं के मकड़जाल में फंसा है, परंतु इस ओर किसी का ध्यान नहीं है.
छात्र–छात्राओं को परेशानी उठानी पड़ रही है. स्कूल की चहारदीवारी नहीं है. इसके कारण चोर उच्चके रात में समानों की चोरी करते हैं. सबसे बड़ी विडंबना यह है कि पिछले दो साल से स्कूल में बिजली नहीं है. प्रभारी प्रधानाध्यापक अनिल कुमार साहु ने बताया कि दो साल पूर्व खंभा गिर जाने से यहां बिजली विच्छेद है. बिजली नहीं होने के कारण स्कूल में रखे छह कंप्यूटर दर्शन की वस्तु बन कर रह गये हैं. स्कूल परिसर में साइकिल स्टैंड भी नहीं है.
इसके कारण छात्र–छात्राओं को वृक्ष के नीचे साइकिलें खड़ी करनी पड़ती है. छात्रों के लिए शौचालय भी नहीं है. दुखद बात यह भी है कि पिछले सात साल से स्कूल में ओड़िया माध्यम की पुस्तकें आपूर्ति नहीं की गयी है.
बाजार में भी ओड़िया माध्यम की पुस्तकें उपलब्ध नहीं है. स्कूल में 375 छात्र–छात्राएं पढ़ते हैं. शिक्षकों का सृजित पद प्रधानाध्यापक समेत 11 है, सिर्फ चार शिक्षक ही कार्यरत हैं. स्कूल में बेंच और डेस्क की भी कमी है. पुराना भवन जजर्र हो चुका.
