सुरक्षा पर सवाल : विवाहिता को जबरन लगाया रंग, धराया
गालूडीह : होली के दिन शुक्रवार को गालूडीह थाना हाजत से एक आरोपी युवक पुलिसिया सुरक्षा में सेंध लगा कर फरार हो गया. होली के दिन दोपहर में आजादबस्ती निवासी सुखदेव गोप नामक युवक ने उसी बस्ती की एक विवाहिता महिला को जबरन रंग लगा दिया था.
युवकों की टोली हुड़दंग मचा रहा था. इसकी शिकायत महिला के पति और महिला ने थाना आ कर की. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक सुखदेव गोप को पकड़ कर थाना ले गयी. पुलिस ने उक्त युवक को थाना हाजत में बंद कर दिया. आरोपी युवक शाम के समय हाजत के पिछवाड़े की खिचड़ी तोड़ कर फरार हो गया. आरोपी युवक के फरार होने से पुलिस के कान खड़े हो गये. पुलिस ने शाम से देर रात कर युवक की तलाश की, परंतु उसका पता नहीं चला.
युवक पर कोई मामला दर्ज नहीं
थाना प्रभारी कुलदीप राम ने बताया कि सुखदेव गोप एक महिला को जबरन रंग लगा दिया था. बस्ती में नशे की हालत में हुड़दंग मचा रहा था, इसलिए पुलिस उसे उठा कर थाना लायी थी. थाना में उसे बैठा कर रखा गया था. उक्त युवक पर कोई मामला दर्ज नहीं है. पुलिस की मंशा शाम में उसे छोड़ देने की थी. इससे पहले वह थाना से भाग गया. सुखदेव गोप की पत्नी ने कहा कि पुलिस ने मेरे पति को पकड़ ले गयी थी, वह घर नहीं आया है.
थाना की सुरक्षा पर सवाल
गालूडीह थाना अपने स्थापना काल 23 जनवरी 2011 से सुवर्णरेखा बहुद्देशीय परियोजना (एसएमपी) के जजर्र आवास में चल रहा है. जहां हाजत बनाया गया है, उसके दरवाजे-खिचड़ी काफी कमजोर हैं. भवन भी जजर्र है. जवान भी भय के साये में रहते हैं. इससे इस थाना की सुरक्षा पर सवाल उठने लगा है.
