मुसाबनी : यूसिल की बागजांता खदान में खदान के अंदर ओर पासिंग का काम कर रही ठेका कंपनी केएमसीसी ने सोमवार को दूसरी पाली में सूचना साट कर काम बंद होने की जानकारी कर्मचारियों को दी है.
ठेका कंपनी केएमसीसी के प्रोजेक्ट मैनेजर आरएन भद्र द्वारा जारी सूचना में कहा गया है कि बागजांता खदान में ओर पासिंग का काम समाप्त होने जा रहा है. यह कार्य 12 सितंबर 13 को पूर्ण हो जायेगा. केएमसीसी के पास 12 सितंबर के बाद बागजांता में कोई काम नहीं रहेगा, इसलिए नियमत: सभी कर्मचारियों को एक माह पूर्व अग्रिम सूचना 12 अगस्त को दिया जा रहा है.
नोटिस में कहा गया है कि आगामी 12 सितंबर को केएमसीसी कंपनी में कार्यरत सभी कर्मचारी मुक्त हो जायेंगे. सूचना में कहा गया है कि नोटिस के जारी होने के एक माह बाद सभी कर्मचारी बकाया क्लीयर कर लें, ताकि सभी को फाइनल सेटेलमेंट का भुगतान किया जायेगा. केएमसीसी प्रबंधन द्वारा जारी इस सूचना से इस ठेका कंपनी के बागजांता प्रोजेक्ट में कार्यरत पांच दर्जन से अधिक मजदूरों का रोजगार एक माह बाद समाप्त हो जायेगा.
सूचना के बाद दोपहर की पाली में पहुंचे मजदूरों में मायूसी है. कृष्णा सोरेन, सहदेव माहली, विशु मुमरू, प्रभात कैवर्त्त, रंजीत मार्डी, लखी पति पाल समेत कई मजदूरों ने प्रबंधन से रोजी–रोटी बचाने की अपील की है.
