डुमरिया : गुड़ाबांदा थाना क्षेत्र के बड़ाआस्ती गांव निवासी सह अस्ती प्रोजेक्ट हाई स्कूल के शिक्षक सुनील साव से नक्सली के नाम पर उनके घर आकर लेवी की रकम लेते मुसाबनी के पारुलिया निवासी अमित बेरा नामक युवक को गुड़ाबांदा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.
वह मुसाबनी के एक स्कूल की कक्षा नौंवी का छात्र है. दो युवक भागने में सफल रहे. पुलिस ने युवकों की एक बाइक हीरो इगनाइटर (जेएचएक्यू 6601) को भी जब्त कर लिया है. गिरफ्तार छात्र से पुलिस पूछताछ कर रही है. फरार दोनों युवकों के बारे में भी पुलिस को जानकारी मिल गयी है.
थाना प्रभारी अर्जुन पूर्ति ने बताया कि उक्त युवकों ने शिक्षक सुनील साव को नौ जनवरी को नक्सली के नाम पर एक चिट्ठी दी थी. पत्र में नक्सली संगठन के नाम पर दो लाख लाख रुपये लेवी की मांग की थी. दो लाख नहीं देने पर उनके परिवार की हत्या कर देने की धमकी दी थी.
श्री साव ने इसकी सूचना पुलिस को नहीं दी थी. मोबाइल से मांगी लेवी: 10 जनवरी को दिन के तीन बजे श्री साव के मोबाइल पर फोन आया. कहा गया कि दो लाख रुपये रात को आस्ती घाटी के पास वन विभाग के एक सूचना पट्ट के पास रख दें. धमकी दी गयी कि पुलिस को इसकी सूचना नहीं दें.
इसके बाद शिक्षक श्री साव ने इसकी सूचना पुलिस को दी. इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो भागने में सफल रहे. लेवी की रकम लेने (करीब एक लाख)आये छात्र का नाम अमित बेरा है. पुलिस ने शोएब खान की बाइक को जब्त कर लिया है.
बाइक श्री साव से घर के कुछ दूरी पर छुपा कर रखी गयी थी. इस ऑपरेशन में गुड़ाबांदा थाना के अवर निरीक्षक सुधीर कुमार, रूमनि बिडी राय आदि शामिल थे.
गुड़ाबांदा थाना क्षेत्र के आस्ती गांव की घटना
फरार दोनों युवकों की पहचान हुई: फरार शोएब खान डुमरिया का रहनेवाला है. वह मुसाबनी के एक निजी स्कूल की कक्षा नौ का छात्र है. वहीं दूसरा फरार युवक का वासुदेव बेरा डुमरिया के कुदरसाई गांव का है.
पूर्व में शिक्षक से ली गयी थी लेवी: इसके पूर्व 2012 में उक्त शिक्षक से 60 हजार तथा 2014 में 1.20 लाख रुपये की लेवी नक्सली के नाम पर वसूली गयी थी.
