चाकुलिया : चाकुलिया की कुचियाशोली पंचायत स्थित खड़बंदा गांव निवासी जगमोहन महतो उर्फ बिरोल महतो (28) की मुंबई में हत्या कर दी गयी. पड़ोसी गांव सांढ़पुरा के अरुण महतो जो एजेंट का काम करता है उसे तीन माह पूर्व काम करने के लिए मुंबई ले गया था.
अरुण महतो ने ही दूरभाष पर उसकी हत्या होने की खबर जगमोहन महतो के परिजनों को दी. जगमोहन महतो अपने ससुराल खड़बंदा में रहता था. अरुण महतो उसे काम दिलाने की बात कह कर मुंबई ले गया था. वह वहां एलएनटी कंपनी में काम करता था. अरुण महतो ने दूरभाष पर मृतक की पत्नी चंपा महतो को सूचना दी कि एक नाले में जगमोहन की लाश मिली है.
चंपा महतो ने बताया कि मामला क्या है यह साफ नहीं किया जा रहा है. दूरभाष पर कई तरह की बातें बतायी जा रही है. दबाव बनाया जा रहा है कि फैक्स के माध्यम से पत्र भेज दिया जाये, कि शव मिल गया है, इसके बाद ही शव गांव भेजा जायेगा.
