बिजली का जजर्र तार टूट कर गिरा, बैल की मौत, मुआवजे की मांग
गालूडीह : गालूडीह थाना क्षेत्र के महुलिया स्थित बंगाली पाड़ा (नीम तल) के पास मुख्य सड़क पर सोमवार को जजर्र बिजली प्रवाहित तार टूट कर गिरने से कालीमाटी निवासी नेपाल दत्ता का एक बैल मर गया.
नेपाल दत्ता के खेत में हल जोत कर छुटू सिंह नामक किसान लौट रहा था. बिजली तार टूट कर सड़क में गिरी थी. जैसे ही वह बैलों लेकर वहां से गुजरने लगा बैल बिजली प्रवाहित तार की चपेट में आ गये. इससे मौके पर ही एक बैल मर गया, जबकि दूसरे बैल के गले की रस्सी खोल कर बचाया गया.
करंट का झटका किसान छुटू सिंह को भी लगा, परंतु वह बाल-बाल बच गया. इस घटना से छुटू सिंह काफी डर गया है. घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग के स्थानीय मिस्त्रियों की फोन कर बिजली काटने को कहा, परंतु काफी देर बाद बिजली काटी गयी. बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर ग्रामीणों में घटना स्थल पर हंगामा भी किया. सूचना पाकर थाना प्रभारी कुलदीप राम दलबल के साथ पहुंचे और मुआवजा दिलाने का भरोसा दिलाया.
इस मौके पर महुलिया पंचायत के उप मुखिया सुभाष अग्रवाल, बैल मालिक नेपाल दत्ता के पुत्र शिव प्रसाद दत्ता समेत अनेक ग्रामीण उपस्थित थे. शिव प्रसाद दत्ता ने बताया कि करीब 30 हजार मूल्य का बैल था. खेती के समय बैल मर जाने से समस्या होगी. उन्होंने उचित मुआवजा देने की मांग की है.
