प्रतिनिधि, बासुकिनाथ : जरमुंडी थाना क्षेत्र में ब्राउन शुगर की तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है. पुलिस ने बोगली हटिया के पास बजरंगबली मंदिर के समीप झोपड़ीनुमा कमरे में छापेमारी कर एक युवक को गिरफ्तार किया.
गुप्त सूचना पर झोपड़ीनुमा कमरे में छापेमारी
पुलिस निरीक्षक दयानंद साह ने बताया कि कई महीनों से बासुकिनाथ मेला क्षेत्र में नशे का कारोबार फैल रहा है. इसी क्रम में गुप्त सूचना मिली कि बोगली गांव में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री हो रही है. युवक वहां ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री और सेवन कराने का काम कर रहा था.
गिरफ्तार युवक की पहचान प्रियांशु कुमार, करीब 20 वर्ष, पिता नेपाल राणा, ग्राम धावाटांड़, पोस्ट चिहुटिया, थाना हंसडीहा, जिला दुमका के रूप में हुई है.
एसडीपीओ के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
पुलिस निरीक्षक दयानंद साह ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बोगली हटिया के पास बजरंगबली मंदिर के बगल स्थित एक झोपड़ीनुमा कमरे में एक युवक ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहा है. सूचना के आधार पर वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर छापेमारी दल का गठन किया गया. एसडीपीओ नवल किशोर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उक्त स्थल पर छापेमारी की.
मौके पर प्रियांशु कुमार को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया. मामले में जरमुंडी थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
छापेमारी दल में एसडीपीओ नवल किशोर सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक सुखरांव उरांव, सहायक अवर निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह, आरक्षी रमेश बास्की और आरक्षी अनिल पाण्डेय शामिल थे.
23 पुड़िया संदिग्ध ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ बरामद
तलाशी के दौरान उसके पास से सिल्वर रंग के सिगरेट के डिब्बे में रखी 23 पुड़िया ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ बरामद किया गया. इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, किचन किंग कंपनी का एल्यूमिनियम फॉयल, पीले प्लास्टिक हैंडल वाला एक चाकू और एक स्मार्टफोन भी पुलिस ने बरामद किया है. पुलिस ने बरामद सामान को जब्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
दो दिन में चार गिरफ्तार, दूसरी कार्रवाई
ब्राउन शुगर के खिलाफ यह पुलिस की दूसरी बड़ी कार्रवाई है. पुलिस के अनुसार, इससे दो दिन पहले 19 सितंबर को भी छापेमारी कर ब्राउन शुगर की तस्करी के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था. लगातार हो रही कार्रवाई से मादक पदार्थ के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप है. पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाने में लगी है.
