प्रतिनिधि, मसलिया: मसलिया थाना क्षेत्र के नवासार गांव में रविवार सुबह एक मनरेगा कूप से अधेड़ महिला का शव बरामद होने के बाद गांव में सनसनी फैल गयी. मृतका की पहचान नवासार गांव निवासी चोड़की मुर्मू (53), पति मोटका मरांडी के रूप में हुई है. शव मिलने की सूचना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गये.
ग्रामीणों ने घटना की जानकारी मसलिया पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया.
शनिवार शाम दुकान जाने के लिए निकली थी महिला
बताया गया कि चोड़की मुर्मू शनिवार शाम घर से दुकान जाने के लिए निकली थीं. इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटीं.
रविवार सुबह गांव की एक बाड़ी में सोम हेम्ब्रम के मनरेगा कूप में ग्रामीणों ने महिला का शव देखा. इसके बाद इसकी जानकारी पूरे गांव में फैल गयी और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी.
पति दिव्यांग, दोनों बेटे रहते हैं बाहर
परिजनों के अनुसार, चोड़की मुर्मू अपने दिव्यांग पति मोटका मरांडी के साथ रहती थीं. दंपती के दो बेटे हैं, जो घर से बाहर रहते हैं.
परिजनों ने बताया कि एक बेटा रोजगार की तलाश में भूटान गया हुआ है, जबकि दूसरा बेटा इसी थाना क्षेत्र के बरामसिया गांव में रहता है.
कुएं के पास मिली पानी की बोतल
पुलिस को घटनास्थल से पानी की एक बोतल मिली है. इसमें देसी शराब होने की बात सामने आयी है. हालांकि, महिला की मौत कुएं में गिरने से होने की बात बतायी जा रही है. मौत के वास्तविक कारणों को लेकर पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेज दिया है.
यूडी कांड दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
मसलिया पुलिस ने मामले में यूडी कांड दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है.
