विवाद सुलझाने पहुंचे, खुद बन गये निशाना: मुखिया के बहनोई पर चाकू से वार

दुमका के हरणाकुंडी में विवाद सुलझाने गए मुखिया के बहनोई समेत दो लोगों पर चाकू से हमला.पुलिस ने आरोपी विशाल मल्लाह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

संवाददाता, दुमका. दुमका नगर थाना क्षेत्र के हरणाकुंडी में रविवार देर रात विवाद सुलझाने पहुंचे दो लोगों पर एक युवक ने चाकू से हमला कर दिया. अचानक हुए हमले में दोनों जख्मी हो गये. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने सोमवार सुबह उसके घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया.

भतीजे से रुपये छीनने का विरोध करना पड़ा भारी

घायल गौतम कुमार के पुलिस को दिये बयान के अनुसार, रविवार देर शाम उनका भतीजा दुकान से काम कर घर लौट रहा था. इसी दौरान रास्ते में विशाल मल्लाह ने उसे रोक लिया और रुपये छीनने लगा. शोर सुनकर गौतम मौके पर पहुंचे और किसी तरह अपने भतीजे को उसके चंगुल से छुड़ाया.

इसके बाद गौतम अपने भतीजे को लेकर घर लौट रहे थे. आरोप है कि इसी दौरान विशाल ने पीछे से उन पर चाकू से हमला कर दिया.

पीठ पर दो वार, बचाव में हाथ पर भी लगी चाकू

गौतम ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने पहले उनकी पीठ पर दो बार चाकू से वार किया. बचाव करने के दौरान चाकू उनके बायें हाथ में भी लग गया. हमले में गौतम गंभीर रूप से जख्मी हो गये. इसी दौरान आरोपी ने एक अन्य युवक पर भी चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया.

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. वारदात के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने रात में उसकी तलाश की और उसके घर भी पहुंचे, लेकिन वह वहां नहीं मिला.

सुबह घर पहुंची पुलिस, भागने लगा आरोपी

सोमवार सुबह नगर थाना पुलिस ने आरोपी के घर पर दबिश दी. पुलिस को देखते ही विशाल भागने लगा. पुलिस ने उसका पीछा किया और उसे पकड़ लिया. गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे थाना लेकर आयी और पूछताछ के बाद मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू की.

पहले भी कई मामलों में जा चुका है जेल

पुलिस के अनुसार, घायल के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने बताया कि विशाल पूर्व में भी छिनतई समेत कई मामलों में जेल जा चुका है. उसके नशे का सेवन करने और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने की बात भी सामने आयी है.

आरोपी की हरकतों से परेशान थे मुहल्ले के लोग

स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी की हरकतों से मुहल्ले के लोग भी परेशान रहते थे. रुपये को लेकर लोगों से विवाद और मारपीट करने की शिकायतें भी सामने आती रही हैं. पुलिस अब मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Anand Jayswal

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >