दुमकाः गोपीकांदर प्रखंड कार्यालय परिसर में मंगलवार को ग्राम प्रधान मांझी संगठन की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता संगठन के प्रखंड अध्यक्ष प्रेम प्रकाश मुर्मू ने की. जिसमें बीते माह के कार्यों की समीक्षा की गई और चालू माह की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई. इस दौरान ग्राम प्रधानों एवं लेखा होड़ की मासिक कार्य उपस्थिति प्रतिवेदन जमा लिया गया.
बैठक में ग्राम प्रधानों की बकाया सम्मान राशि के भुगतान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया. सदस्यों ने संबंधित विभाग से लंबित सम्मान राशि का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की. इसके अलावा विभिन्न कारणों से रिक्त पड़े ग्राम प्रधान एवं लेखा होड़ के पदों पर भी चर्चा की गयी. सदस्यों ने कहा कि रिक्त पदों के कारण ग्रामीण स्तर पर कई प्रशासनिक और पारंपरिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं. इसलिए इन पदों पर जल्द नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी की जानी चाहिए, ताकि ग्राम स्तर पर कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सके.
बैठक में संगठन की मजबूती, ग्राम प्रधानों की समस्याओं के समाधान तथा उनके अधिकारों और दायित्वों से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया. इस अवसर पर श्रीजन हांसदा, मुनिलाल टुडू, महावीर राय, रामेश्वर बास्की, रुबेन हांसदा, बीरेंद्र मरांडी, रहेल मुर्मू, बहा टुडू, बिमला देवी, मिसिल टुडू, श्रीफुल हांसदा, सैमुएल बेसरा सहित बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान एवं लेखा होड़ उपस्थित थे.
