रामगढ़-हंसडीहा मार्ग पर हाट गम्हरिया गांव के समीप हुआ हादसा
रामगढ़ : रामगढ़-हंसडीहा मार्ग पर हाट गम्हरिया गांव के पास मंगलवार देर रात एक हाइवा ने एक बाइक सवार को ठोकर मार दी, जिससे घटनास्थल पर ही बाइक चालक की मौत हो गयी. जबकि बाइक के पीछे सवार दो अन्य लोगों को मामूली चोट आयी है. मृतक का नाम संतोष राय था, जो रामगढ़ थाना क्षेत्र के ठाडीहाट पंचायत के बुनबुनी कुशमाहा गांव का रहने वाला था.
इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मंगलवार देर रात से बुधवार सुबह तक हंसडीहा-रामगढ़ मार्ग को जाम किये रखा. सूचना मिलने पर थाना की पुलिस व अंचलाधिकारी रामा रविदास घटना स्थल पहुंचे तथा जानकारी हासिल की. सीओ ने मृतक के परिजनों को तत्काल 10,000 रुपये की मदद दी. सीओ ने मृतक की पत्नी को पेंशन व आवास देने का आश्वासन दिया, लोगों ने जाम हटाया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये दुमका भेज दिया है.
