राजस्व चोरी. लोहंडिया बस्ती के पास विधायक ताला मरांडी ने पकड़ा
खनन विभाग के लाख प्रयास के बाद भी खनिज चोरी का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है. हाइवा में ओवरलोड कर पड़ोसी राज्य बिहार चिप्स व स्टोन भेजा जा रहा है. सहायक खनन पदाधिकारी ने चालान जांच कर कार्रवाई की बात कही है.
बोआरीजोर : ललमटिया थाना क्षेत्र के लोहंडिया बस्ती के पास शनिवार की देर शाम बोरियो विधायक ताला मरांडी ने स्टोन लदा 15 हाइवा को पकड़ लिया है. विधायक श्री मरांडी ने बताया कि शुक्रवार की देर शाम मिर्जाचौकी से हाइवा को बिहार ले जाया जा रहा था. श्री मरांडी ने मामले की सूचना जिला सहायक खनन पदाधिकारी रामनाथ राय को दी. कहा कि क्षेत्र में हाइवा के सहारे स्टोन लोड कर पड़ोसी राज्य को भेजा रहा है. जिससे सरकार के राजस्व की चोरी हो रही है.
बताया कि इस मामले को लेकर पूर्व में सरकार के मुख्य सचिव को पत्र भी लिखा गया था. सूचना मिलने पर जिला सहायक खनन पदाधिकारी रामनाथ राय लोहंडिया बस्ती पहुंचे और सभी 15 हाइवा को जब्त कर लिया. उन्होंने बताया कि ओवरलोड से संबंधित चालान की जांच की जा रही है. जांच के बाद कार्रवाई की जायेगी. याद हो कि दिसंबर माह में भी ललमटिया में बिना चालान के बोल्डर लदे सात वाहनों को जब्त किया गया था. उस समय ऐसे अवैध कारोबारियों रोक लगाने की मांग उठी थी. पर हर बार जांच कर मामले को रफा-दफा कर दिया जाता है. जिले में बालू की भी अवैध खनन धड़ल्ले से चल रहा है. बिना बंदोबस्ती वाले घाटों पर भी रात के अंधेरे में माफिया बालू निकाल कर बिहार धड़ल्ले से भेजते हैं. ठोस कार्रवाई होने के कारण अवैध कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं.
