लापरवाही. सरैयाहाट के माथाकेशो मध्य विद्यालय में मची अफरा-तफरी
कुछ बच्चों को खाना परोसने के बाद दाल में दिखी छिपकली
इलाज के बाद चिकित्सकों ने बच्चों को घर भेजा
सरैयाहाट : सरैयाहाट के माथाकेशो स्थित मध्य विद्यालय में मंगलवार को मध्याह्न भाेजन खाने से करीब 40 बच्चे बीमार हो गये. सभी बच्चों का इलाज सरैयाहाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया. जहां चिकित्सक ने सभी बच्चे के स्वास्थ्य की जांच की और सबों को स्वस्थ बताया. इलाज के बाद सभी बच्चों को घर भेज दिया गया. बताया जा रहा है कि मंगलवार की दोपहर में बच्चों के लिये मध्याह्न भोजन बना था. 15 बच्चों को खाना परोसने के बाद दाल में मरी हुई छिपकली देखकर सभी घबराने लगे.
रसोइया द्वारा उस दाल को फेंक दिया गया. सभी बच्चों को सब्जी भात ही खिलाया गया. खबर सुनते ही बच्चों के अभिभावक अपने-अपने बच्चों को इलाज हेतु अस्पताल ले आये. करीब 40 बच्चे यहां इलाज हेतु आ पहुंचे. बच्चों की भीड़ से यहां अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. अस्पताल में सभी बच्चों को सूई देने के बाद घर भेज दिया गया.
बच्चे खतरे से बाहर
चिकित्सक डॉ ओम प्रकाश ने बताया कि बच्चों की जांच की गयी है. प्वाइजनिंग जैसी की कोई बात बच्चों में नहीं है. सभी बच्चे स्वस्थ हैं. विद्यालय के सचिव आशा देवी ने बताया कि बच्चों को खाना दिया ही जा रहा था. करीब 10-15 बच्चों को खाना परोसे जाने के बाद दाल में छिपकली दिखाई दी. रसोइया द्वारा उस दाल को फेंक दिया गया.
जिन-जिन बच्चों को दाल दिया गया था, उसका खाना भी फेंक दिया गया. सब्जी भात बच्चों को खिलाया गया. उन सभी 10 -15 बच्चों को अस्पताल लाया गया. जहां चिकित्सक ने जांच के बाद सबों का स्वस्थ बताया. बीइइओ मो जमालउद्दीन कहते हैं कि मध्याह्न भोजन के दौरान लगता है कि दाल में छिपकली गिर गयी थी. 15 बच्चों को खाना दिया गया था. उक्त 15 बच्चों को इलाज हेतु अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सक ने जांच व इलाज के बाद कहा कि प्वाइजनिंग का कोई लक्षण नहीं है.
